Kanpur: बर्रा में एक घंटे तक चला बवाल, सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, चार लोगों को आई चोट...अस्पताल में भर्ती
Kanpur News: बर्रा थाना प्रभारी दिनेश सिंह विष्ट ने बताया कि घटना में चार लोगों को चोटें आई है। दोनों पक्षों से तहरीर मांगी है, लेकिन अभी तक किसी ने नही दी है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
विस्तार
कानपुर में बर्रा थाना क्षेत्र के मलिकपुरम में शुक्रवार देर रात लेनदेन के विवाद में दो पक्ष आपस में भिड़ गए। लोगों ने एक-दूसरे को सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर लाठी-डंडों से पीटा। एक घंटे तक बवाल चला। सूचना दिए जाने पर गोविंदनगर पुलिस पहुंची, लेकिन मामला अपने थाना क्षेत्र से संबंधित न होने की बात कहकर आगे बढ़ गई।
बर्रा पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। इस बीच भ्रमण करते हुए जेब्रा मोबाइल पहुंची और फिर गुजैनी पुलिस पहुंची। गुजैनी पुलिस ने मारपीट में घायल पड़े चार लोगों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा है। मलिकपुरम निवासी एक शख्स की घर के पास ही खानेपीने की दुकान है।
देर रात करीब एक बजे दुकानदार का क्षेत्र के चार युवकों से खाने के लेनदेन को लेकर विवाद हो गया। झगड़ा बढ़ने पर युवकों ने दुकानदार की पिटाई शुरू कर दी। शोर सुनकर दुकानदार के घर की महिलाएं और आसपास के लोग वहां पहुंच गए। देखते ही देखते दुकानदार के पक्ष के लोगों और युवकों में मारपीट शुरू हो गई।
पुलिस ने दोनों पक्षों से मांगी है तहरीर
दोनों पक्षों ने एक-दूसरे को सड़क पर दौड़ाकर लाठी-डंडे से पीटा। इस दौरान उधर से गुजर रहे एक शख्स ने फोन कर गोविंद नगर पुलिस को घटना की सूचना दी, लेकिन अपने क्षेत्र का घटनास्थल न होने की बात कहकर पल्ला झाड़ लिया। बर्रा पुलिस भी नहीं पहुंची। बर्रा थाना प्रभारी दिनेश सिंह विष्ट ने बताया कि घटना में चार लोगों को चोटें आई है। दोनों पक्षों से तहरीर मांगी है, लेकिन अभी तक किसी ने नही दी है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।