Kanpur: स्टांप कमी पर 1.5% ब्याज के साथ 100 रुपये जुर्माना, सरकार ने लागू की एकमुश्त समाधान योजना
Kanpur News: एडीएम वित्त राजेश कुमार ने बताया कि स्टांप कमी के मुकदमों में पक्षकारों को नोटिस जारी किए जा रहे हैं। स्टांप कमी और ब्याज की धनराशि जमा करने के लिए तारीख दी जाएगी।
विस्तार
कानपुर में मकान-दुकान और फ्लैटों में स्टांप कमी पर एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) लागू की गई है। लंबे समय से लंबित पड़े मामलों के पक्षकारों को नोटिस भेजकर योजना की जानकारी दी जा रही है। योजना के तहत स्टांप की मूल कम राशि पर 1.5 प्रतिशत प्रतिमाह ब्याज के साथ 100 रुपये जुर्माना देना होगा। योजना के लाभ के लिए 31 मार्च तक मौका है, लेकिन लाभ लेने के लिए पहले भुगतान का ट्रेजरी चालान बनवाना होगा।
भवन और भूखंड की रजिस्ट्री में निर्धारित राशि से कम स्टांप मिलने पर मुकदमे दर्ज होते हैं। इन मामलों की सुनवाई जिलाधिकारी, एआईजी स्टांप व एडीएम वित्त की कोर्ट में होती है। स्टांप कमी के हिसाब से जुर्माना लगता है। राजी न होने पर पक्षकार एआईजी स्टांप व आयुक्त के यहां अपील कर सकता है। अब इन्हीं मुकदमों के निस्तारण के लिए ओटीएस लागू है।
धनराशि जमा की रसीद कोर्ट में लगानी होगी
एडीएम वित्त राजेश कुमार ने बताया कि स्टांप कमी के मुकदमों में पक्षकारों को नोटिस जारी किए जा रहे हैं। स्टांप कमी और ब्याज की धनराशि जमा करने के लिए तारीख दी जाएगी। एक सप्ताह में स्टांप की कमी, निर्धारित ब्याज और सौ रुपये अर्थदंड के साथ कोषागार में जमा कराना होगा। धनराशि जमा की रसीद कोर्ट में लगानी होगी। उसके बाद मामलों पर सुनवाई होगी।