शराब के लिए पति बना हैवान: पत्नी ने चेन बेचने से किया मना, रिटायर्ड फौजी ने मारी तीन गोलियां, आरोपी फरार
न्यू तुलसी नगर में रिटायर्ड फौजी ने लाइसेंसी पिस्टल से गोली मारकर अपनी पत्नी की हत्या कर दी। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। बेटी ने पुलिस को घटना की सूचना दी। एसपी सिटी ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी की दबिश दी जा रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
इटावा जिले के न्यू तुलसीनगर में बुधवार रात शराब के लिए चेन बेचने की जिद्द पर अड़े रिटायर्ड फौजी ने लाइसेंसी पिस्टल से तीन गोलियां मारकर पत्नी की हत्या कर दी। बेटी ने पुलिस को वारदात की जानकारी दी। फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए हैं। आरोपी फरार है।
फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र के न्यू तुलसीनगर निवासी सतीश यादव (40) दो साल पहले सेना से सेवानिवृत्ति लेकर आए थे। बुधवार रात करीब पौने आठ बजे सतीश का पत्नी सपना (35) से विवाद हो गया। सतीश ने लाइसेंसी पिस्टल से पत्नी के सीने में दो और पेट में एक गोली मार दी। सपना की मौके पर ही मौत हो गई।
आवाज सुनकर आई बेटी तृप्ती (10) और बेटा युवांक रोने लगे। बेटी ने फोन करके पुलिस को सूचना दी। एसपी सिटी कपिल देव सिंह, सीओ सिटी अमित सिंह मौके पर पहुंचे, तो तृप्ती ने बताया कि पिता शराब के लती हैं। शाम से मां से चेन बेचने के लिए मांग रहे थे। विरोध करने पर मां को गोलियां मार दीं।
रिटायर्ड फौजी ने पहले भी पत्नी पर तानी थी राइफल
रिटायर्ड फौजी सतीश यादव का डेढ़ साल पहले भी शराब को लेकर पत्नी से विवाद हुआ था। तब भी सतीश ने लाइसेंसी राइफल पत्नी पर तान दी थी। पत्नी ने इसकी शिकायत फ्रेंड्स कॉलोनी थाने में की थी। पुलिस ने रिटायर्ड फौजी को गिरफ्तार किया था और राइफल जमा करवा ली थी। तब से राइफल फ्रेंड्स कालोनी थाने में ही जमा है।
उस समय पत्नी ने पुलिस को घर में लाइसेंसी पिस्टल होने की बात नहीं बताई थी। अगर जानकारी दे दी होती तो, हादसा नहीं होता। आस पड़ोस के लोगों ने बताया कि हत्यारोपी ने चार साल पहले ही मोहल्ले में मकान बनाया था। वह मोहल्ले में किसी से बात नहीं करता था। हमेशा हनक में रहता था। आरोपी मूल रूप से औरैया के अछल्दा के पराडा गांव का रहने वाला है।
बेटी ने 112 नंबर पर मां की हत्या की दी थी सूचना
बेटी तृप्ति ने बताया कि करीब आधे घंटे तक माता-पिता के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद पिता दूसरे कमरे में चले गए और लाइसेंसी पिस्टल निकाल लाए। मां जब तक कुछ समझ पाती पिता ने गोलियां मार दीं। बेटी तृप्ति ने 112 नंबर पर फोन कर पुलिस को सूचना दी।
घटनास्थल पर मिले तीन खोके
फारेंसिक टीम को घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त पिस्टल सहित तीन गोलियां और तीन खोके बरामद हुए हैं। साथ ही टीम ने घटनास्थल से फिंगर पिंट्स उठाए हैं।