UP: नमाज पढ़ने से रोकने पर घर से भागा छात्र जयपुर में मिला, सोशल मीडिया के जरिये इस्लाम धर्म से हुआ प्रभावित
एसीपी ने बताया कि छात्र व मौलाना से पूछताछ की गई। दोनों ने बताया कि जब छात्र नमाज पढ़ने गया था तो मौलाना ने उससे कहा था कि अगर परिवार वाले राजी हों तभी वह यहां आए। वरना न आए। पुलिस इस बयान की और तस्दीक कर रही है।
विस्तार
नमाज पढ़ने से रोके जाने पर घर से भागे 11वीं के छात्र को पुलिस ने जयपुर से पकड़ लिया है। वह अजमेर जा रहा था। पुलिस की तफ्तीश में सामने आया कि सोशल मीडिया के जरिये छात्र इस्लाम के प्रति प्रभावित हुआ था। कई तरह की मन्नतें मांगी थीं, पूरी होने पर उसने अजमेर जाने की योजना बनाई थी।
उधर केस में आरोपी मौलाना समेत अन्य किसी की भूमिका अब तक नहीं मिली है। तफ्तीश जारी है। संजय गांधी नगर निवासी भाजपा नेता का बेटा एक निजी स्कूल में 11वीं की पढ़ाई कर रहा है। बीते गुरुवार को उसको नमाज पढ़ता देख परिजनों ने फटकारा था। तब वह घर से भाग गया था।
एक मौलाना समेत तीन पर परिजनों ने केस दर्ज कराया था। एसीपी गोविंद नगर विकास कुमार पांडेय ने बताया कि तहकीकात की गई तो सामने आया कि अलग-अलग सोशल मीडिया पर इस्लाम संबंधी फिल्में, वीडियो आदि छात्र देखता था। उसी से वह प्रभावित हुआ।
खुद ही नमाज पढ़ने जाने लगा। उसने मन्नत मांगी थी कि परीक्षा में अच्छे नंबर आए तो वह अजमेर जाएगा। इस दौरान वह पढ़ाई भी करता रहा, नंबर भी बढ़िया आ गए तो उसका विश्वास और बढ़ गया। जब डांट पड़ी तो वह अजमेर के लिए निकल गया।
यह तथ्य सामने आया, तस्दीक कर रही पुलिस
एसीपी ने बताया कि छात्र व मौलाना से पूछताछ की गई। दोनों ने बताया कि जब छात्र नमाज पढ़ने गया था तो मौलाना ने उससे कहा था कि अगर परिवार वाले राजी हों तभी वह यहां आए। वरना न आए। पुलिस इस बयान की और तस्दीक कर रही है। एसीपी का कहना है कि पूरे मामले में अब तक किसी तरह की साजिश के साक्ष्य नहीं मिले हैं।