Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Kanpur News ›   Ram Navami procession: Tension over reducing sound box, rumours spread, uproar

Kanpur: रामनवमी शोभायात्रा में साउंड बॉक्स कम करने पर तनातनी, उड़ी अफवाहें, हंगामा

Sun, 06 Apr 2025 11:23 PM IST
शिखा पांडेय न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कानपुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कानपुर Published by: शिखा पांडेय Updated Sun, 06 Apr 2025 11:23 PM IST
सार

Kanpur News: शोभायात्रा पर पत्थर फेंके जाने की अफवाह से हड़कंप मचा। बिसाती बाजार के पास माहौल बिगड़ने से पहले पुलिस के उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत कराया। 

विज्ञापन
Ram Navami procession: Tension over reducing sound box, rumours spread, uproar
रामनवमी शोभायात्रा - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

साउंड बॉक्स की संख्या कम करने पर रविवार को बिसाती बाजार के पास शोभायात्रा पहुंची तो हंगामा शुरू हो गया। कुछ लोगों ने मेस्टन रोड पर शोभायात्रा पर पत्थर चलाने का आरोप भी लगाया। माहौल बिगड़ने से पहले पुलिस के उच्चाधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो पथराव की बात झूठी निकली। पुलिस ने लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया। हालांकि, इसके बाद सद्भावना चौकी से मूलगंज और यतीमखाने तक के बाजार बंद हो गए।
विज्ञापन


रविवार शाम 4.30 बजे परेड से शोभायात्रा उठने की तैयारी हो रही थी। तभी वहां मौजूद पुलिस अधिकारियों ने लाउडस्पीकर की संख्या ज्यादा देखकर आपत्ति की। कहा कि हाईकोर्ट का आदेश है। पुलिस ने 30-35 में ज्यादातर स्पीकर हटवाने के लिए कहा तो कमेटी के पदाधिकारियों से पुलिस अधिकारियों की झड़प हो गई। कुछ देर माहौल में तनातनी रही। इसके बाद शोभायात्रा निकलना शुरू हुई। यात्रा पूर्व निर्धारित मार्ग से होती हुई बिसाती बाजार स्थित धार्मिक स्थल के पास पहुंची। तभी शोभायात्रा में चल रहे कुछ युवकों ने पत्थर लगने का दावा किया।
विज्ञापन


आयोजकों ने शोभायात्रा रोक दी, हंगामा शुरू हो गया। साथ चल रहे पुलिस के अधिकारियों ने हंगामा कर रहे लोगों से पत्थर लगने के बारे में जानकारी चाही तो लोग कुछ बताने के बजाय पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर ही सवाल उठाने लगे। पुलिस ने जांच शुरू की तो पत्थर चलने की बात अफवाह साबित हुई, न ही किसी ने चोट लगने की बात कही, न ही कोई पथराव की जगह बता सका। सद्भावना चौकी पहुंचे आयोजकों ने शोभायात्रा में पत्थर फेंके जाने की बात कही। कहा कि शिवाला निवासी करन सोनी और एक अन्य युवक घायल हैं। उन्हें पुलिसकर्मी केपीएम हॉस्पिटल ले गए हैं। हालांकि अधिकारियों की जांच में कोई घायल सामने नहीं आया।
विज्ञापन
विज्ञापन



काफी देर तक मान-मनौव्वल चली तो आयोजक शोभायात्रा का मार्ग आधा करते हुए मेस्टन रोड से वापस लौट आए। करीब पौन घंटे हंगामा चला। डीसीपी पूर्वी श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि शहर में रामनवमी का पर्व धूमधाम से मनाया गया। अफवाहों का बाजार गर्म रहा है। अगर कोई तहरीर देता है तो उसके मुताबिक जांच कर कार्रवाई की जाएगी। पूरे शहर में शांति से जुलूस निकाले गए।
Trending Videos

अफवाह से इलाके में फैला सन्नाटा
शोभायात्रा पर पत्थर फेंके जाने की अफवाह फैलते ही व्यापारियों ने दुकानें बंद कर दीं और लोग घरों में चले गए। हर समय गुलजार रहने वाली सड़क पर सन्नाटा छा गया और सद्भावना चौकी पर डीसीपी पूर्वी एसके सिंह, एडीसीपी मनोज कुमार पांडेय, एडीसीपी सेंट्रल राजेश कुमार श्रीवास्तव क्विक रेस्पांस टीम (क्यूआरटी) और रिजर्व पुलिस फोर्स के साथ पहुंच गए।

कहीं पर कोई पथराव नहीं हुआ। पुलिस के अधिकारी जुलूस के साथ थे। कहीं पर कोई पथराव नहीं हुआ है। डीजे-साउंड बॉक्स को लेकर मना किया गया था, जिसकी वजह से लोग नाराज थे। लोगों ने अपनी नाराजगी दिखाते हुए पथराव की अफवाह फैलाई है। जुलूस अपने गंतव्य तक पहुंच चुका है। कई दिनों से डीजे से जुड़े हाईकोर्ट के निर्देश सभी को बता दिए गए थे, इसके बाद भी लोग डीजे लेकर निकल रहे थे। रोकने पर अफवाह फैलाई गई है। शोभायात्रा में भारी पुलिस फोर्स के साथ ड्रोन से भी लगातार निगरानी की जा रही थी। - हरीश चंदर, एडिशनल पुलिस कमिश्नर, कानून व्यवस्था

पनकी में साउंड बॉक्स लदे लोडर पकड़ने पर हंगामा
पनकी में रामनवमी पर बजरंग दल के प्रांत विद्यार्थी प्रमुख नरेश तोमर की अगुवाई में शोभायात्रा निकली। पनकी मंदिर में समापन के दौरान पुलिस ने लाउडस्पीकर लदे हुए चार से पांच लोडर पकड़ लिए जिन्हें पनकी थाने ले जाकर खड़ा कर दिया। विरोध में महंत जितेंद्र दास के साथ कार्यकर्ता मंदिर चौकी पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया तो पुलिस ने गाड़ियों को छोड़ दिया। इंस्पेक्टर मानवेंद्र सिंह ने बताया कि गाड़ियों में साउंड बॉक्स की संख्या अधिक होने पर एहतियात के तौर पर खड़ा कराया था। सभी को छोड़ दिया गया है।

तलवार लेकर हो रहे थे शामिल, पुलिस ने जमा कराईं
शोभायात्रा में शामिल होने पहुंचे आठ-दस युवक हाथों में तलवारें लिए थे। तलवार देखकर पुलिसकर्मियों ने आपत्ति कर दी। युवकों ने विरोध किया तो पुलिस ने तलवारें जमा करा लीं। इसके बाद ही उन युवकों को शोभायात्रा में शामिल होने दिया गया।

केशवपुरम में पुलिस पर जूता फेंका
आवास विकास में शोभायात्रा के दौरान अराजकतत्व ने पुलिस पर जूता फेंक कर माहौल खराब करने का प्रयास किया। हालांकि भीड़ के चलते कोई उसे देख नहीं पाया, जिससे कुछ देर तक वहां गहमागहमी रही, लेकिन बाद में यात्रा आगे बढ़ गई।

केशवपुरम में सरकार विरोधी नारे लगाए
केशवपुरम में ब्रह्मदेव चौराहे के पास हिंदू संगठन के सदस्यों ने हंगामा किया। सरकार विरोधी नारे लगाए। पुलिस ने समझाने का प्रयास किया तो लोग उलझ गए। इस बीच पुलिस ने विरोध कर रहे दो युवकों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ के चलते वहां से गायब हो गए।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed