झींझक (कानपुर देहात)। दिल्ली-हावड़ा रेल रूट पर झींझक रेलवे फाटक का बूम का लॉक खराब होने से डेढ़ घंटे फाटक नहीं खुल सका। क्रासिंग के दोनों तरफ सिकंदरा-रसूलाबाद रोड पर जाम लगा रहा। एसएनटी स्टॉप ने बूम का लाक ठीक किया।
शनिवार को गेटमैन रामकुमार ने सुबह 11 बजे झींझक रेलवे फाटक को बंद किया। मालभाड़ा लाइन की ओर का बूम खराब हो गया। फाटक के दोनों ओर सिकंदरा-रसूलाबाद रोड पर वाहनों की कतार लगने से भीषण जाम लग गया। एसएनटी स्टॉप ने बूम का लाक ठीक किया। फाटक 12:30 बजे खोला जा सका। जाम में फंसे वाहन निकल सके। जाम में फंसे मंगलपुर के विनोद कुमार, औरंगाबाद के दिलशाद, झींझक के अखिलेश, परजनी के महेंद्र सिंह का कहना है कि आएदिन फाटक का बूम खराब होने से जाम में परेशान होना पड़ता है, लेकिन कोई अधिकारी ध्यान नहीं दे रहा है। सिग्नल निरीक्षक झींझक संदीप बोस ने बताया कि बूम के लाक का बोल्ट स्लिप होने से लॉक खराब हो गया था। मरम्मत के बाद फाटक खोल दिया गया था।