Kanpur: प्रधान बोला- दो गांवों का गुंडा हूं, तगादा करने न आना गोली मार दूंगा, पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज
Kanpur News: साढ़ प्रभारी निरीक्षक सतीशचंद्र राठौर ने बताया कि वायरल वीडियो पुलिस उच्चाधिकारियों की जानकारी में है। ग्राम प्रधान के खिलाफ जान से मारने की धमकी सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
विस्तार
कानपुर के भीतरगांव इलाके में सोशल मीडिया में दो मिनट 23 सेकंड का एक वीडियो मंगलवार को वायरल हुआ। इसमें सफेद कुर्ता-पायजामा और गमछा डाले युवक यह कहते हुए सुना जा रहा है कि मैं प्रधान हूं, दो गांवों का गुंडा हूं। तगादा करने घर न आ जाना, नहीं तो गोली मार दूंगा।
पुलिस पड़ताल में यह युवक शाहपुर ग्राम पंचायत का ग्राम प्रधान धनराज सिंह यादव निकला। मामला पुलिस के आला अधिकारियों तक पहुंचा, तो साढ़ पुलिस हरकत में आई और पीड़ित को बुलाकर ग्राम प्रधान के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।
साढ़ प्रभारी निरीक्षक सतीश चंद्र राठौर ने बताया बेरीखेड़ा गांव निवासी मलखान सिंह यादव की कस्बा भीतरगांव में मोबाइल शॉप है। इसमें ग्राम पंचायत शाहपुर के प्रधान धनराज सिंह यादव ने कई महीने पहले साढ़े सोलह हजार रुपये कीमत का एक नया मोबाइल उधार किसी करीबी को दिलवाया था।
किसी ने प्रधान की गुंडई का वीडियो बना लिया
दिवाली के पहले मलखान सिंह रुपये का तगादा करने घर पहुंच गए, तो ग्राम प्रधान धनराज सिंह को यह बात नागवार गुजरी। पीड़ित मलखान सिंह ने बताया कि प्रधान धनराज सिंह ने घर आकर धमकाना शुरू कर दिया। किसी ने प्रधान की गुंडई का यह वीडियो बना लिया, जो मंगलवार को सोशल मीडिया में वायरल हो गया।
पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज
साढ़ प्रभारी निरीक्षक सतीशचंद्र राठौर ने बताया कि वायरल वीडियो पुलिस उच्चाधिकारियों की जानकारी में है। ग्राम प्रधान के खिलाफ जान से मारने की धमकी सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
प्रधान ने पारिवारिक मामला बताया
शाहपुर ग्राम प्रधान धनराज सिंह ने बताया कि मलखान पारिवारिक भतीजा है। इसकी दुकान से जो युवक मोबाइल लेने गया था, उसके साथ मैं भी मौजूद था। करीब सात हजार रुपये अभी उसे देने हैं। तगादा करने उसके घर जाना चाहिए, जबकि वो मेरे घर आ गया। इस पर कहासुनी हुई थी। हमारा पारिवारिक मामला है, इसे हम बैठकर सुलझा लेंगे।