Fatehpur: जालसाज शिक्षक को पुलिस ने भेजा जेल, धोखाधड़ी करके हथियाई थी नौकरी, ऐसे हुआ था मामले का खुलासा
Fatehpur News: ललौली थाना क्षेत्र में फर्जी दस्तावेजों के सहारे जालसाज युवक ने नौकरी जॉइन की थी। मामले में थाना प्रभारी तारकेश्वर राय ने बताया कि आरोपी साकेत तिवारी फरार था, जिसे गिरफ्तार कर जेल भेजने की कार्रवाई की गई है।
विस्तार
फतेहपुर जिले में धोखाधड़ी करके फर्जी दस्तावेजों के सहारे नौकरी हथियाने वाले जालसाज शिक्षक को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। ललौली थाना क्षेत्र के बहुआ कस्बे के राज नगर मोहल्ले के रहने वाले साकेत तिवारी (34) पुत्र रामलखन तिवारी को खुरमानगर के पास से गिरफ्तार किया गया है।
ललौली थाना प्रभारी तारकेश्वर राय, एसआई संतोष कुमार मिश्रा ने पुलिस बल के साथ मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की है। जानकारी के अनुसार, आरोपी शिक्षक साकेत तिवारी ने धोखाधड़ी करके,छलकपट पूर्ण,कूटरचित दस्तावेजो के सहारे शिक्षक की नौकरी हथिया ली थी।
उसकी जांच के बाद शिक्षा विभाग ने शिक्षक को नौकरी से बर्खास्त कर तत्कालीन खंड शिक्षा अधिकारी असोथर दीप्ति रिछारिया ने 12 सितंबर 2023 को ललौली थाने में मुकदमा संख्या 226 दर्ज करवाया था। इसमें आरोप लगाया था कि बहुआ कस्बा निवासी साकेत तिवारी ने फर्जी दस्तावेज के आधार पर 15 सितंबर.2010 को सहायक अध्यापक के पद पर नियुक्त हुआ था।
आरोपी के खिलाफ अदालत से जारी किया था वारंट
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी फतेहपुर संजय कुमार कुशवाहा के आदेश संख्या 1268/2022-23 दिनांक एक फरवरी 2023 के द्वारा सेवा समाप्ति आदेश निर्गत किया गया था। ललौली थाने में मुकदमा दर्ज होने के बाद उक्त जालसाज शिक्षक फरार हो गया था और उसके खिलाफ अदालत से वारंट जारी था। उसे पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजने की कार्रवाई की है।