Rakesh Sachan: अब सतर्क हुए पुलिस अधिकारी, पुख्ता होगी कोर्ट सुरक्षा व्यवस्था, जानिए क्या है पूरा मामला
कैबिनेट मंत्री राकेश सचान वाले मामले के बाद पुलिस अधिकारी सतर्क हुए हैं। कोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता की जाएगी और चप्पे-चप्पे पर कैमरे लगेंगे। इस संदर्भ में गुरुवार को जिला जज के साथ जेसीपी और डीसीपी पूर्वी बैठक करेंगे।
विस्तार
कानपुर में कैबिनेट मंत्री राकेश सचान प्रकरण में कागजात उठा ले जाने के आरोप लगने के बाद पुलिस अधिकारी सतर्क हो गए हैं। इसलिए कोर्ट परिसर की सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद करने का मास्टर प्लान तैयार करने में जुट गए हैं।गुरुवार को इस संबंध में जिला जज के साथ ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर व डीसीपी पूर्वी समेत अन्य अफसर बैठक करेंगे।
कोर्ट परिसर को सीसीटीवी से लैस करने के साथ साथ सुरक्षा के लिए क्या क्या इंतजाम किए जा सकते हैं, उस पर मंथन करेंगे। शनिवार को मंत्री राकेश सचान को कोर्ट ने दोषी ठहराया था। कोर्ट की रीडर ने पुलिस को तहरीर दी थी। जिसमें आरोप लगाया था कि दोषी ठहराए जाने के बाद मंत्री व वकील दस्तावेज लेकर चले गए। पुलिस इस प्रकरण की जांच चल रही है।
डीसीपी पूर्वी प्रमोद कुमार ने बताया कि कोर्ट परिसर की सुरक्षा के लिए योजना तैयार की जा रही है, जिससे भविष्य में किसी भी तरह की अप्रिय घटना से बचा जा सके। सबसे पहले पूरे कोर्ट को सीसीटीवी कैमरे से लैस किया जाएगा। वर्तमान में कैमरे लगे हैं लेकिन काफी स्थान ऐसे हैं जो उसकी जद में नहीं है।
इंस्पेक्टर को बनाया जाएगा प्रभारी
डीसीपी पूर्वी ने बताया कि कोर्ट की सुरक्षा के लिए एक इंस्पेक्टर को प्रभारी बनाया जाएगा। कोर्ट परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को वह लीड करेगा। निगरानी एसीपी कोतवाली व अन्य अधिकारी करेंगे। यह व्यवस्था जल्द ही लागू कर दी जाएगी।
फोर्स बढ़ाई गई
कोर्ट की सुरक्षा को लेकर अभी तक 35 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। अब पुलिस बल बढ़ाते हुए 55 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।