आस्था या लापरवाही: कैदी को पेशी के बाद कराए मंदिर के दर्शन, चार पुलिसकर्मी निलंबित
हमीरपुर कोर्ट में सजायाफ्ता कैदी लाला सफाक को पेशी के बाद पुलिसकर्मी साथ लेकर दर्शन करने मंदिर चले गए। बुधवार को इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
विस्तार
कानपुर से पेशी पर हमीरपुर ले जाए गए कैदी के साथ पुलिसकर्मी कल्पवृक्ष मंदिर में दर्शन करने पहुंच गए। बुधवार को मंदिर परिसर का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, बिना हथकड़ी घूम रहे कैदी का वीडियो वायरल होने पर सिपाहियों की लापरवाही उजागर हुई, तो महकमे में हड़कंप मच गया।
इसको संज्ञान में लेते हुए डीसीपी मुख्यालय ने चार पुलिसकर्मी निलंबित कर दिए। सभी के खिलाफ विभागीय जांच के भी आदेश दिए गए हैं। बता दें कि मौदहा हमीरपुर निवासी लाला सफाक कई बड़ी घटनाओं में शामिल रहा है। हत्या के केस में वह सजायाफ्ता है। 2015 में प्रशासनिक आधार पर उसको कानपुर जेल में शिफ्ट किया गया था।
सोमवार को हमीरपुर कोर्ट में उसकी पेशी थी। इसलिए पुलिस लाइन से गारद उसको लेकर हमीरपुर गई थी, जिसमें चालक हेड कांस्टेबल राजेंद्र कुमार, हेड कांस्टेबल राजवीर सिंह, हेड कांस्टेबल गणेश यादव और हेड कांस्टेबल उपदयादव शामिल थे।
पेशी होने के बाद ये चारों पुलिसकर्मी लाला सफाक के साथ हमीरपुर के कल्पवृक्ष मंदिर में चले गए। दर्शन करने के बाद वह वापस आ गए। बुधवार को मंदिर में दर्शन का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिसकर्मी निलंबित कर दिए गए हैं।
शातिर अपराधी है लाला सफाक
लाला सफाक खूंखार अपराधी है। उस पर दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं। हत्या के एक केस में उसको आजीवन कारावास की सजा मिली है। एक अन्य हत्याकांड का केस भी विचाराधीन है। तीन बार उस पर गैंगस्टर की कार्रवाई हो चुकी है। इसके बावजूद पुलिसकर्मियों ने इतनी बड़ी लापरवाही बरती। काफी देर तक उसको खुले में घुमाते रहे।