Mahoba: पत्नी के हत्यारे को पुलिस ने गिरफ्तार कर भेजा जेल, आरोपी की निशानदेही पर कुल्हाड़ी भी बरामद
Mahoba Crime: कोतवाली प्रभारी गणेश कुमार गुप्ता के नेतृत्व में गठित टीम में शामिल एसआई अनूप कुमार पांडेय व पुलिसकर्मियों ने पत्नी की हत्या में फरार चल रहे आरोपी पप्पू श्रीवास को जतौरा गांव के पास से गिरफ्तार किया।
विस्तार
महोबा जिले में कोतवाली चरखारी के रिवई गांव में अवैध संबंध के शक में पत्नी की कुल्हाड़ी से हमलाकर हत्या किए जाने के मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद की गई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेजा।
रिवई गांव निवासी पप्पू श्रीवास उर्फ तोड़न सिंह को अपनी पत्नी कौशल्या पर दूसरे व्यक्ति से संबंध होने का शक था। जिसको लेकर दोनों के बीच वाद-विवाद होता था। शनिवार की दोपहर जब कौशल्या पशुबाड़े गई थी। तभी पप्पू ने उस पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया था।
गले में एक के बाद एक कई प्रहार किए जाने से महिला की मौके पर मौत हो गई थी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया था। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित की थीं। साथ ही आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
पप्पू श्रीवास को जतौरा गांव के पास से गिरफ्तार किया
कोतवाली प्रभारी गणेश कुमार गुप्ता के नेतृत्व में गठित टीम में शामिल एसआई अनूप कुमार पांडेय व पुलिसकर्मियों ने पत्नी की हत्या में फरार चल रहे आरोपी पप्पू श्रीवास को जतौरा गांव के पास से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने घटना को अंजाम देने की बात स्वीकारी। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद की गई। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि आरोपी को जेल भेजा गया है। मामले की विवेचना कराई जा रही है।
मामा पर आई बच्चों के परवरिश की जिम्मेदारी
रिवई गांव में पत्नी की हत्या कर पति के जेल जाने के बाद उनके तीनों बच्चे परेशान है। जिनकी परवरिश और पढ़ाई लिखाई की जिम्मेदारी अब मामा प्रमोद पर आ गई है। पप्पू श्रीवास का सबसे बड़ा पुत्र सुजान इंटरमीडिएट का छात्र है जबकि छोटा पुत्र दीपू हाईस्कूल में पढ़ रहा है। सबसे छोटी पुत्री रक्षा गांव में ही पढ़ती है। मां कौशल्या की मौत और पिता के जेल जाने के बाद तीनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। उनके मामा ने बच्चों की परवरिश की जिम्मेदारी संभाली है।