फर्रुखाबाद में पासिंग आउट परेड: देश सेवा की शपथ लेकर 390 जवान बने सेना का अंग, ब्रिगेडियर को मार्च पास्ट कर दी सलामी
फर्रुखाबाद के फतेहगढ़ में स्थित राजपूत रेजीमेंट सेंटर में शनिवार को पासिंग आउट परेड में शामिल होकर 390 जवान सेना का अंग बन गए। इस दौरान उन्होंने देश सेवा की शपथ ली। वहीं, ब्रिगेडियर ने जवानों को कर्तव्य और निष्ठा से देश में रेजिमेंटल सेंटर का नाम रोशन करने की शपथ दिलाई।
विस्तार
फर्रुखाबाद जिले में प्रशिक्षण पूरा कर देश सेवा की शपथ लेकर 390 जवान सेना का अंग बन गए। जवानों ने मार्च पास्ट कर ब्रिगेडियर को सलामी दी। ब्रिगेडियर ने परेड का निरीक्षण कर राजपूत रेजिमेंटल सेंटर के गौरवशाली इतिहास के बारे में बातकर जवानों में जोश भर दिया।
फतेहगढ़ स्थित राजपूत रेजिमेंटल सेंटर के करियप्पा मैदान में शनिवार सुबह 34 सप्ताह का प्रशिक्षण पूरा कर चुके 390 जवान पासिंग आउट परेड में शामिल होने के लिए पहुंचे। जवानों की टोलियों ने मैदान में कदम से कदम मिलाकर मार्च पास्ट किया। सेंटर के ब्रिगेडियर इंद्रमोहन सिंह परमार ने जीप में खड़े होकर परेड का निरीक्षण किया। सभी टोलियों ने बैँड बाजे की धुन पर सलामी दी।
ब्रिगेडियर ने जवानों को कर्तव्य और निष्ठा से देश में रेजिमेंटल सेंटर का नाम रोशन करने की शपथ दिलाई। कहा कि पासिंग आउट परेड सैनिक के जीवन का महत्तवपूर्ण दिन होता है। इस परेड के बाद उसका सैनिक जीवन प्रारंभ होता है।
उन्होंने देश की सेवा व रेजिमेंटल सेंटर का नाम रोशन करने में अपने प्राणों की आहूति देने वाले वीर सपूतों को याद कर उनको नमन किया। सेना का अंग बनने के बाद जवान खुशी से झूम उठे। उन्होंने अपने परिजनों के साथ प्रशिक्षण के अनुभव साझा कर फोटो खिंचवाए। परेड के दौरान भी परिजन अपनों की फोटो खींचते रहे।
बेहतर प्रदर्शन के लिए मिला सम्मान
ब्रिगेडियर इंद्रमोहन सिंह परमार ने प्रशिक्षण के दौरान बेहतर प्रर्दशन करने वाले जवान मनोज कुमार को प्रथम, अरविंद कुमार को द्वितीय और शत्रुघ्न को तृतीय पुरस्कार दिया गया।