Orai: जनसमस्याओं पर सपा का प्रदर्शन पड़ा भारी, जिलाध्यक्ष समेत 235 पर मुकदमा, पुलिस की कार्रवाई से मचा हड़कंप
Orai News: उरई में जनसमस्याओं के लिए सपा द्वारा निकाले गए जुलूस पर पुलिस ने धारा 163 के उल्लंघन में मुकदमा दर्ज किया है। सपा जिलाध्यक्ष ने इसे अनुचित बताते हुए अनुमति होने का दावा किया है।
विस्तार
उरई में महंगाई, बिजली-पानी और अन्य जनसमस्याओं को लेकर समाजवादी पार्टी द्वारा किए गए प्रदर्शन के बाद पुलिस ने सपा जिलाध्यक्ष दीपराज गुर्जर समेत 35 नामजद और करीब 200 अज्ञात समर्थकों के खिलाफ उरई कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस के अनुसार सोमवार को सपा कार्यकर्ता बिना प्रशासनिक अनुमति के जुलूस निकालते हुए सड़कों पर उतर आए और कलेक्ट्रेट परिसर तक पहुंचकर नारेबाजी व प्रदर्शन किया। आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान सड़क जाम होने से यातायात प्रभावित हुआ। आम लोगों के साथ-साथ एंबुलेंस और परीक्षार्थियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
वीडियो फुटेज व अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच
एफआईआर में कहा गया है कि जनपद में धारा 163 बीएनएसएस लागू होने के बावजूद बिना अनुमति जुलूस और प्रदर्शन किया गया। पुलिस ने वीडियो फुटेज व अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू कर दी है। वहीं, सपा जिलाध्यक्ष दीपराज गुर्जर ने पुलिस के आरोपों को खारिज किया है।
बिना अनुमति जुलूस निकालने के आरोप में कार्रवाई
उन्होंने कहा कि जुलूस और प्रदर्शन की अनुमति तीन दिन पहले ही सिटी मजिस्ट्रेट से ले ली गई थी। आग बताया कि लोकतांत्रिक तरीके से जनता की समस्याओं को उठाया गया था। एसपी विनय कुमार सिंह ने बताया कि धारा 163 के उल्लंघन और बिना अनुमति जुलूस निकालने के आरोप में कार्रवाई की गई है।