उरई: 70 लाख के गांजे के साथ चार तस्कर गिरफ्तार, उड़ीसा से लाकर कई जिलों में करते थे सप्लाई, ये सामान भी बरामद
Orai News: आटा थाना क्षेत्र में पुलिस ने चार अंतरराज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से दो क्विंटल 27 किलो अवैध गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 70 लाख रुपये है। इसके अलावा तस्करी में प्रयुक्त दो काली स्कॉर्पियो और 5100 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।
विस्तार
उरई जिले में थाना आटा पुलिस और स्वॉट/सर्विलांस की संयुक्त टीम ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार अंतरराज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करों के कब्जे से दो क्विंटल 27 किलो गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 70 लाख रुपये बताई गई है।
इसके अलावा दो काली स्कॉर्पियो गाड़ियां और 5100 रुपये नकद भी बरामद हुए हैं। पुलिस लाइन में मामले का खुलासा करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक डॉक्टर ईशान सोनी ने बताया कि शनिवार को आटा थाना पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने चार संदिग्धों को पकड़ा।
भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद
तलाशी लेने पर उनके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों की पहचान राजीव पंवार निवासी ग्राम एलम, थाना कांधला, जिला शामली, हाल निवासी शताब्दी नगर, थाना कोतवाली बागपत, जिला बागपत, मो. आदिल निवासी मोहल्ला पंसारियान, थाना कोतवाली शामली, मोईन खान निवासी मोहल्ला पंसारियान, थाना कोतवाली शामली और शमीम निवासी ग्राम कासिमपुर खेड़ी, थाना रमाला, जिला बागपत के रूप में हुई।
उड़ीसा से खरीदकर कई जिलों में करते थे बिक्री
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चारों मिलकर गांजे का अवैध कारोबार करते हैं। वे आपस में पैसा लगाकर उड़ीसा से सस्ते दाम पर गांजा खरीदते थे। इसके बाद झांसी, जालौन, कानपुर देहात, कानपुर नगर और आसपास के जिलों में घूम-घूमकर राहगीरों और ग्राहकों को गांजा बेचते थे। बिक्री से मिलने वाली रकम को आपस में बांटकर अपने शौक पूरे करते थे।
दो स्कॉर्पियो से कर रहे थे तस्करी
पुलिस के अनुसार तस्करी में इस्तेमाल की जा रही दो काली स्कॉर्पियो भी बरामद की गई हैं। इनमें UK08 BM 4343 और UP19 X 5841 नंबर की गाड़ियां शामिल हैं। दोनों वाहनों को धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया गया है। इसके अलावा आरोपियों के कब्जे से 5100 रुपये नकद भी बरामद हुए हैं।
2.27 क्विंटल गांजा बरामद
पुलिस के मुताबिक कार्रवाई में कुल दो क्विंटल 27 किलो अवैध गांजा, दो स्कॉर्पियो और 5100 रुपये बरामद किए गए हैं। इतनी बड़ी मात्रा में गांजा पकड़े जाने के बाद पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी उड़ीसा से गांजा कहां से लाते थे और जालौन समेत अन्य जिलों में इनके संपर्क में कौन-कौन लोग थे।