यूपी: थाने में भाजपा नेता से कराया नागिन डांस, 20 बोरी सीमेंट मांगी, इंस्पेक्टर बोले- आरोप निराधार, पढ़ें मामला
Orai News: रामपुरा थाने में भाजपा नेता दिनेश मिश्रा ने थाना प्रभारी शिव प्रकाश सिंह पर गंभीर आरोप लगाया है। आरोप है कि अपने कर्मचारी को छुड़ाने पहुंचे भाजपा नेता को इंस्पेक्टर ने कमरे में बंद कर करीब 10 मिनट तक जबरन नागिन डांस कराया और सीमेंट की बोरियां मांगी।
विस्तार
उरई जिले में भाजपा नेता दिनेश मिश्रा ने रामपुर थाना प्रभारी, निरीक्षक शिव प्रकाश सिंह पर उन्हें कमरे में ले जाकर करीब दस मिनट तक नागिन डांस कराने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि वह अपने यहां काम करने वाले एक व्यक्ति को छुड़ाने थाने पहुंचे थे। यहां इंस्पेक्टर ने पहले अभद्रता की और फिर कमरे में ले जाकर दरवाजा बंद कर दिया।
मामले की शिकायत एसपी और जिला पंचायत अध्यक्ष से की गई है। दिनेश मिश्रा के मुताबिक, दो दिन पहले उनके यहां काम करने वाले एक व्यक्ति को शराब के नशे में हंगामा करने के आरोप में पुलिस पकड़ ले गई थी। उसे छुड़ाने के लिए वह रामपुरा थाने पहुंचे थे। आरोप है कि बातचीत के दौरान थाना प्रभारी ने उनसे 20 बोरी सीमेंट की मांग की।
करीब दस मिनट तक डांस करना पड़ा
दिनेश का कहना है कि उन्होंने बताया कि उनका टेंट हाउस का काम है। वह पहले भी सहयोग करते रहे हैं। असमर्थता जताने पर इंस्पेक्टर नाराज हो गए और उन्हें एक कमरे में ले जाकर दरवाजा बंद कर दिया। इसके बाद उनसे नागिन डांस करने के लिए कहा। दिनेश मिश्रा का दावा है कि पुलिस के दबाव और डर के कारण उन्हें करीब दस मिनट तक डांस करना पड़ा।
थाने पहुंचे लोगों के सामने गलती मानने का दावा
दिनेश के अनुसार, घटना की जानकारी मिलने के बाद नगर के कुछ संभ्रांत लोग थाने पहुंचे और इंस्पेक्टर से शिकायत की। उनका दावा है कि लोगों के सामने थाना प्रभारी ने अपनी गलती स्वीकार की थी। इसके बाद दिनेश मिश्रा ने अपने साथियों के साथ क्षेत्रीय विधायक मूलचंद्र निरंजन को मामले की जानकारी दी। भाजपा नेताओं के मुताबिक, विधायक ने पुलिस अधीक्षक से फोन पर शिकायत कर थाना प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
मंडल अध्यक्ष को भी थाने बुलाने का आरोप
दिनेश मिश्रा का आरोप है कि उसी रात करीब आठ बजे भाजपा मंडल अध्यक्ष संतोष प्रजापति को भी थाने बुलाया गया। आरोप है कि इंस्पेक्टर ने उन्हें धमकाते हुए कहा कि तुम्हें भी नागिन डांस करवाता हूं। सोमवार सुबह दिनेश मिश्रा, संतोष प्रजापति, राजेश मिश्रा, अंकुर मिश्रा, कमलेश पाठक, राजेंद्र सोनी और सुनील शुक्ला समेत कई भाजपा नेता जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम अनुरागी के साथ पुलिस अधीक्षक के पास पहुंचे। सभी ने पूरे मामले की शिकायत कर थाना प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। भाजपा नेताओं के अनुसार, एसपी ने मामले की जानकारी लेकर जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इंस्पेक्टर बोले- आरोप निराधार, एसपी ने कहा जांच होगी
थाना प्रभारी शिव प्रकाश सिंह ने भाजपा नेता के लगाए आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि इस तरह की कोई घटना नहीं हुई। वहीं, पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने कहा कि मामले की जानकारी मिली है। जांच कराई जाएगी और उसके आधार पर कार्रवाई होगी।
पहले भी लोगों से डांस कराने के आरोप
भाजपा नेताओं ने थाना प्रभारी के खिलाफ इससे पहले भी इसी तरह की शिकायतें होने का दावा किया है। उनका आरोप है कि थाने आने वाले कुछ लोगों को अलग-अलग कमरों में बुलाया जाता था और उनसे डांस कराया जाता था। इसके बाद उन्हें दोबारा थाने के आसपास दिखाई न देने की चेतावनी दी जाती थी। हालांकि, इन पुराने आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।