Rakesh Sachan: विरोधियों को रास नहीं आ रही मंत्री की रिहाई, जल्द ही सेशन कोर्ट में करेंगे अपील
आर्म्स एक्ट के मामले में सजा पाए मंत्री राकेश सचान जल्द ही सेशन कोर्ट में अपील करेंगे। वहीं, दस दिन पुराने न्यायिक आदेश को वायरल कर अपील से पहले मामला गरमाने की कोशिश की जा रही है।
विस्तार
कानपुर में लघु, सूक्ष्म एवं मध्यम उद्योग मंत्री राकेश सचान को निचली अदालत से आर्म्स एक्ट के मुकदमे में सुनाई गई सजा के खिलाफ जल्द ही अपील सेशन कोर्ट में दाखिल होनी है। एक पक्ष जहां मंत्री जी को सजा से बचाने में पूरी ताकत झोंकने में लगा है।
वहीं कुछ अधिवक्ताओं और राजनेताओं का एक धड़ा ऐसा भी है, जो मंत्री के लिए मुसीबतें खड़ी करने में जी-जान से जुटा है। बुधवार को ऐसे ही कुछ लोगों ने छह अगस्त के न्यायालय के आदेश का पत्र सोशल मीडिया पर वायरल कर अपील से पहले माहौल को एक बार फिर गरमाने की कोशिश की।
मंत्री को सजा सुनाए जाने के बाद भी उनका मंत्री पद बरकरार है। मुख्यमंत्री से उन्हें राहत मिल चुकी है। यह बात कई राजनेताओं को रास नहीं आ रही। मंत्री की कुर्सी पर निगाह गड़ाने वाले कुछ राजनेता दोषसिद्धि के बाद मंत्री जी के कोर्ट से चले जाने के मामले को अब भी तूल देने में लगे हैं।
सचान ने आठ अगस्त को न्यायालय में समर्पण कर दिया था। इसके बाद कोर्ट ने उन्हें सजा सुना दी थी। न्यायालय ने सजा सुनाने के लिए नई फाइल भी तैयार कर ली थी और सचान के न्यायिक अभिरक्षा से फरार हो जाने के मामले में कोर्ट के रीडर के माध्यम से पुलिस को पत्र भेजकर कार्रवाई के लिए कहा था।
बता दें कि मामले में सजा सुनाए जाने से पहले राकेश सचान का गैर जमानती वारंट भी निरस्त कर दिया गया था। न्यायालय ने तो अपना काम पूरा कर दिया। अपील में मंत्री राकेश सचान को सेशन कोर्ट से राहत मिलने की उम्मीद से विरोधी बेहद परेशान है।
उनके खिलाफ फरारी मामले में रिपोर्ट दर्ज कराकर उनके लिए बड़ी मुसीबत खड़ी करना चाह रहे हैं और इसे बड़ा राजनीतिक मुद्दा बनाकर लाभ लेने की जुगत में लगे हैं। वहीं घटना के 10 दिन बाद भी पुलिस अफसर जांच जारी रहने की बात कहकर पल्ला झाड़ने की कोशिश कर रहे हैं।