वृद्ध ने परिजनों को दी धमकी: कहा- मैंने पाक में 8 साल जेल काटी, 28 साल सेना की यातनाएं झेली, अब डर नहीं लगता..
पाक जेल से छूटे शमसुद्दीन ने संपत्ति के लिए परिजनों को जान से मारने की धमकी दी है। परिजनों ने सीएम समेत पुलिस अधिकारियों से मदद की गुहार लगाई है।
विस्तार
मैंने पाकिस्तान में आठ साल जेल काटी। 28 साल सेना की यातनाएं झेली हैं। अब मुझे जेल और पुलिस का कोई डर नहीं रहा। तुम लोग अब अपनी चिंता करों। अगर पूरी पैतृक संपत्ति मेरे नाम नहीं की तो तुम लोगों का कत्ल भी कर दूंगा। ये धमकी तीन साल पहले पाकिस्तानी सेना की चंगुल से छूटे कंघी मोहाल निवासी शमसुद्दीन ने अपने परिवार के लोगों को दी। शुमसुद्दीन की धमकी से सहमे परिजनों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, पुलिस कमिश्नर बीपी जोदगंड और बजरिया थाने में पत्र भेज कर मदद की गुहार लगाई है।
पुलिस कमिश्नर ने मामले की जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए हैं। कंघी मोहाल निवासी शमसुद्दीन चार भाइयों फहीमुद्दीन, नसीरुद्दीन, चांदबाबू और दो बहनों शाहीन और चंदा में सबसे बड़ा है। शमसुद्दीन पहले दिल्ली में नौकरी करता था। मोहल्ले में रहने वाले सादुल्लाह की बेटी की शादी पाकिस्तान में हुई थी। सादुल्लाह के बेटी और दामाद पाकिस्तान से कंघी मोहाल आए थे।
जिसे जीवन दिया वहीं बन गया जान का दुश्मन
भाई फहीमुद्दीन और बहन शुबीना का आरोप है कि पाकिस्तान से लौटने बाद कुछ माह तक सब ठीक चलता रहा, लेकिन अब उसके बर्ताव में बदलाव आने लगा है। वह पूरी पैतृक संपत्ति अकेले हड़पना चाहता है। परिजनों ने जब विरोध किया तो पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। अब परिवार के लोगों को लग रहा है कि इससे अच्छा तो पाकिस्तान में ही बंधक रहता तो ज्यादा ठीक था। उसे वतन बुलाकर गलती कर दी है।