Kanpur: अब शहर में पनप रहे साइबर ठगों के गैंग, चार शातिर दबोचे गए…फरार सरगना को नहीं ढूंढ पाई पुलिस
Kanpur News: शहर में अभी तक पकड़े गए साइबर ठगों के कनेक्शन शहर और प्रदेश से बाहर का होता था। पहली बार ऐसा है कि कानपुर का गैंग मिला है। सरगना की तलाश में पुलिस की टीमें लगी हुई हैं।
विस्तार
कानपुर के चकेरी क्षेत्र में मंगलवार को अंतर राज्यीय साइबर ठग गैंग के चार शातिरों को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस कानपुर में साइबर ठगों के गैंगों के पनपने की बात बात सामने आई है। पहले जहां घटनाओं में साइबर ठगी से जुड़े गैंग और उनके शातिरों का कनेक्शन ओडिशा, तेलंगाना, बिहार-झारखंड और मथुरा के साथ गैर प्रदेशों से जुड़ते थे।
वहीं, इस बार पकड़े गए साइबर ठग कानपुर के ही निकले। पुलिस को आशंका है कि शहर में ऐसे और गैंग हो सकते हैं। पकड़े गए गैंग के फरार सरगना को पुलिस अब तक नहीं खोज सकी है। हालांकि अब पूरे गिरोह की जानकारी जुटाने के लिए पुलिस जेल भेजे गए साइबर ठगों को रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है।
सचेंडी क्षेत्र का रहने वाला है सरगना सचिन
साइबर सेल और चकेरी पुलिस ने सचेंडी के भीमसेन निवासी मुकेश कुशवाहा, मदनलाल, ब्रह्मा और चौबेपुर निगोहा निवासी सदन सिंह को डीसीपी पूर्वी के वाराणसी निवासी रिश्तेदार व अन्य लोगों से ठगी के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजा था। पुलिस के मुताबिक गिरोह का सरगना सचेंडी का ही सचिन उर्फ आनंद है। उसकी तलाश की जा रही है।
शहर में अभी तक पकड़े गए साइबर ठगों के कनेक्शन शहर और प्रदेश से बाहर का होता था। पहली बार ऐसा है कि कानपुर का गैंग मिला है। सरगना की तलाश में टीमें लगी हुई हैं। -श्रवण कुमार सिंह, डीसीपी पूर्वी