सुविधा: अब जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र बनवाने के लिए करें ऑनलाइन आवेदन, नहीं लगानी पड़ेगी लाइन, ये है प्रक्रिया
Kanpur News: वेबसाइट पर जाकर जनरल पब्लिक ऑप्शन पर लॉगइन करें। यहां संबंधित जानकारी फीड कर स्कैन किए गए कागज अपलोड करें। ऐसा करते ही रसीद जनरेट होगी। रसीद लेकर विभाग पहुंचकर संबंधित मूल कागज दाखिल किए जा सकते हैं।
विस्तार
अब जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र बनवाने के लिए लोगों को लाइन में नहीं लगना पड़ेगा। आवेदक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन की शुरुआत पायलट प्रोजेक्ट के रूप में जोन छह से की गई है। अधिकारियों के अनुसार, इसके सार्थक परिणाम सामने आए हैं। अपर नगर आयुक्त (द्वितीय) जगदीश यादव ने सभी जोनल अधिकारियों को एक हफ्ते में पंजीकरण करने का आदेश दिया है। लंबित प्रकरणों को 15 दिसंबर तक निस्तारित करने के निर्देश दिए हैं।
नगर निगम के सभी छह जोनल कार्यालयों के माध्यम से रोज जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र बनवाने के लिए रोज 100-125 आवेदन आते हैं। तीन हजार से ज्यादा आवेदन महीनों से लंबित हैं। सूचनादाता को जोनल कार्यालय में फार्म जमा करने के लिए भी लाइन लगानी पड़ती है। फिर इन्हें बनवाने के लिए अपने क्षेत्र के जोनल कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। इसके मदद्देनजर अब dc.crsorgi.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन की व्यवस्था की गई है।
ऐसे करें आवेदन
वेबसाइट पर जाकर जनरल पब्लिक ऑप्शन पर लॉगइन करें। यहां संबंधित जानकारी फीड कर स्कैन किए गए कागज अपलोड करें। ऐसा करते ही रसीद जनरेट होगी। रसीद लेकर विभाग पहुंचकर संबंधित मूल कागज दाखिल किए जा सकते हैं।