Kanpur: अब चकेरी में खुले नाले में गिरकर अधेड़ की मौत, थाना प्रभारी बोले- शराब का लती भी था मृतक, जांच शुरू
Kanpur News: थाना प्रभारी अशोक दुबे ने बताया कि मृतक शराब का लती भी था। अंदाजा लगाया जा रहा है कि बाथरूम करने के दौरान वह नाले में गिर गया होगा। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
विस्तार
कानपुर में चकेरी थाना क्षेत्र के गांधीग्राम में सोमवार देर रात घर से निकला अधेड़ नाले में गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इससे पहले भी इसी खुले नाले में गिरने से युवक की मौत हो चुकी है।
गांधीग्राम निवासी पंकज श्रीवास्तव (50) एक पान मसाला कंपनी में सेल्समैन थे। परिवार में पत्नी कामिनी, एक बेटा शिवांग और दो बेटी हैं। परिजनों के अनुसार सोमवार रात करीब साढ़े दस बजे वह घर से कुछ दूरी पर स्थित दुकान तक टहलने के लिए निकले थे।
देर रात 12 बज जाने पर भी जब पंकज वापस घर नहीं लौटे, तो परिजनों ने तलाश शुरू की। तभी उन्हें पंकज नाले में पड़े मिले। परिजनों ने इलाके के लोगों की मदद से उन्हें नाले से बाहर निकाला और कांशीराम अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां से उन्हें हैलट रेफर कर दिया गया।
शिकायत के बाद भी नाले को ढकने का काम नहीं किया
हैलट में डॉक्टर ने पंकज को मृत घोषित कर दिया। इलाके के लोगों ने बताया कि खुले नाले में आए दिन लोग गिर जाते हैं। शिकायत के बाद भी नाले को ढकने का काम नहीं किया जा रहा है। पिछले साल भी एक युवक की इसी नाले में गिरकर मौत हो गई थी।