उन्नाव के मौरावां में ससुराल आई नवविवाहिता शौच के बहाने भोर पहर घर से निकली और दो लोगों के साथ कहीं गायब हो गई। जानकारी होने पर पति ने ससुराल के दो युवकों पर भगा ले जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
थाना मौरावां के एक गांव निवासी युवक की शादी 25 जून को रायबरेली के एक गांव में रहने वाली युवती से हुई थी। युवक ने बताया कि अभी चौथी के बाद पत्नी आई थी। हाल में उसके बहनोई एक एक दुर्घटना में घायल हो गये थे। जिनका इलाज एक निजी नर्सिंगहोम में चल रहा है।
वह रोज वहीं आता-जाता था। 4 जुलाई को वह घर आया। पत्नी सुबह शौच के लिए निकली थी। काफी देर तक न आने पर खोजबीन की।
बाद में उसे कुछ जानकारी हुई तो उसने मेड़ौली निवासी अजय कुमार पुत्र गंगाप्रसाद रावत व संतोष कुमार पुत्र राकेश कुमार के विरुद्ध पत्नी को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाते हुए शिकायतीपत्र दिया। थाना प्रभारी मो. अशरफ ने बताया कि आरोपियों पर मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी गई है।