Kanpur: बेटी को प्रेमी संग चाऊमीन खाते देखा, मां ने सरेराह चप्पलों से पीटा…पुलिस ने समझाकर भेजा घर
Kanpur News: गुजैनी थाना प्रभारी विनय तिवारी ने बताया कि युवक-युवती के साथ चाऊमीन खाने पर परिजनों ने मारपीट की है। हालांकि किसी पक्ष से तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। दोनों को समझा कर घर भेज दिया गया।
विस्तार
कानपुर में गुजैनी क्षेत्र के रामगोपाल चौराहे पर बेटी को प्रेमी संग चाऊमीन खाता देख मां का पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया। उन्होंने बेटी और उसके प्रेमी की जमकर चप्पलों से पिटाई की। एकाएक चौराहे पर हुई घटना से भीड़ लग गई। कुछ लोगों ने युवक पर अपने हाथ साफ किए। करीब आधे घंटे तक ड्रामा चला। पुलिस दोनों को थाने ले आई, जहां से समझा बुझाकर दोनों को घर भेजा गया। युवक और युवती की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
पनकी का रहने वाला युवक शुक्रवार शाम को जरौली निवासी युवती से मिलने पहुंचा। दोनों में पहले मोबाइल से बातचीत हुई और राम गोपाल चौराहे पर मिलना तय हुआ। दोनों चौराहे पर दुकान के बाद चाऊमीन खा रहे थे। इस बीच युवती की मां वहां से गुजरी। उनकी नजर दोनों पर पड़ी। मां को देखते ही युवक ने युवती को लेकर भागने का प्रयास किया। स्कूटी स्टार्ट करने ही वाले थे, तभी पीछे से आई युवती की मां ने दोनों को पकड़ लिया। पहले तो उन्होंने बेटी को थप्पड़ लगाए फिर चप्पल से पिटाई की।
पुलिस ने दोनों को समझाकर भेजा
उसके बाल पकड़कर जमीन पर गिरा दिया। बीच बचाव कर रहे युवक की चप्पलों से धुनाई की। महिला को गाली गलौज और युवक की पिटाई करते देख भीड़ जुट गई। लोगों ने युवक पर गुस्सा उतारा। उसकी पिटाई की। करीब आधे घंटे तक चले ड्रामे के बाद पुलिस पहुंची और दोनों को थाने ले आई। गुजैनी थाना प्रभारी विनय तिवारी ने बताया कि युवक-युवती के साथ चाऊमीन खाने पर परिजनों ने मारपीट की है। हालांकि किसी पक्ष से तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। दोनों को समझा कर घर भेज दिया गया।