यूपी: विक्षिप्त किशोरी से दुष्कर्म, धर्मांतरण का दबाव, बजरंगियों ने थाना घेरा
बर्रा थाना क्षेत्र में नाबालिग किशोरी से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि किशोरी मानसिक रूप से बीमार है और दुष्कर्म के बाद दो माह की गर्भवती हो गई है। आरोपी युवक ने किशोरी को जान से मारने की धमकी भी दी और लगातार बेटी पर धर्म परिवर्तन का दबाव बना रहा था।
विस्तार
कानपुर में बर्रा के मर्दनपुर में गैर समुदाय के युवक ने मानसिक विक्षिप्त किशोरी को हवस का शिकार बनाया। भाई ने उसे बहन के साथ रंगे हाथों पकड़ा तो उसे पीटकर धमकी दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर गुरुवार को बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने बर्रा थाने का घेराव कर दिया।
किशोरी के पिता ने पुलिस को बताया कि इलाके का रहने वाला रिहान (20) बेटी की खराब मानसिक स्थिति का फायदा उठा कर कई महीनों से उसका शारीरिक शोषण कर रहा था। नौ मई को बेटे ने रिहान को घर के पीछे बेटी के साथ गलत हरकत करते पकड़ लिया तो रिहान ने उसे जमकर पीटा। आरोप है कि रिहान बेटी पर लगातार धर्मांतरण का भी दबाव बना रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट तो दर्ज कर ली, लेकिन तीन दिन बाद भी गिरफ्तारी नहीं की।
वहीं, परिजनों ने किशोरी के दो माह की गर्भवती होने का दावा किया। गुरुवार को घटना की जानकारी पर बजरंगियों ने थाने का घेराव किया। डीसीपी साउथ रवीना त्यागी, कार्यवाहक एसीपी गोविंद नगर आलोक सिंह के साथ मौके पर पहुंचीं। सख्त कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया। हालांकि, उन्होंने मेडिकल प्रक्रिया पूरी न होने तक किशोरी के गर्भवती होने की पुष्टि नहीं की। गुरुवार को पुलिस ने किशोरी को मेडिकल प्रकिया के लिए अस्पताल भेजा। ज्वाइंट सीपी आनंद प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि फोरेंसिक को वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के निर्देश दिए गए हैं। प्रकरण की जांच कराई जा रही है।
पुलिस पर लगाया लापरवाही का आरोप
बजरंग दल के जिला संयोजक दिलीप सिंह ने पुलिस पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि आरोपी को नौ मई से पुलिस लॉकअप में बैठाए है, लेकिन जेल नहीं भेजा। वहीं, धाराओं में भी खेल करने का आरोप लगाया। गुरुवार को पुलिस ने जांच के आधार पर धाराएं बढ़ाने का आश्वासन दिया है।