Kanpur Dehat: कुंभी में बन रहा है मेडिकल कॉलेज, जल्द शुरू होगी एमबीबीएस की पढ़ाई, मिलेंगी ये सुविधाएं
अकबरपुर के कुंभी गांव में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज में जल्द ही एमबीबीएस प्रथम वर्ष की पढ़ाई शुरू होगी। इसके लिए एकेडमिक ब्लॉक में कक्षाएं अप्रैल के अंत तक तैयार हो जाएंगी।
विस्तार
कानपुर देहात में अकबरपुर के कुंभी गांव में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज में जल्द ही एमबीबीएस प्रथम वर्ष की पढ़ाई शुरू होगी। इसके लिए एकेडमिक ब्लॉक में कक्षाएं अप्रैल के अंत तक तैयार हो जाएंगी। कुंभी गांव में बन रहे मेडिकल कॉलेज में जून तक नीट के छात्रों का पहला बैच आने की उम्मीद है।
इससे पहले इसी माह के अंत तक एकेडमिक ब्लॉक के तीन खंड को पूरी तरह से तैयार कर दिया जाएगा। इसमें अलग-अलग खंड में एनाटॉमी, बायोकेमिस्ट्री और फिजियोलॉजी की पढ़ाई होगी। कॉलेज सुबह नौ से दोपहर चार बजे तक चलेगा। इसके अलावा छात्रों की सुविधा के लिए एकेडमिक ब्लॉक के भूमिगत तल में दफ्तर और लाइब्रेरी बनाई जाएगी।
53 प्रोफेसर की होगी जरूरत, जून तक कॉलेज बनने का दावा
मेडिकल कॉलेज में छात्रों को पढ़ाने के लिए आठ प्रोफेसर, 20 एसोसिएट प्रोफेसर, 25 असिस्टेंट प्रोफेसर की जरूरत होगी। इनकी भर्ती के लिए प्रचार्य जल्द ही साक्षात्कार कराएंगे। उधर, मेडिकल कॉलेज का निर्माण करा रही संस्था ने प्राचार्य डॉ. सज्जन लाल से दावा किया है कि जून तक इसे किसी भी हाल में पूरा करा दिया जाएगा।
इसके बाद इसे चिकित्सा शिक्षा विभाग को हस्तांतरित किया जाएगा। वहीं, प्रोफेसर आवास और हॉस्टल आवास का काम अंतिम चरण पर है। दोनों ही बिल्डिंग का ढांचा बनकर तैयार हो चुका है। यहां पर अभी बिजली की लाइन बिछाने का काम चल रहा।
कॉलेज के चेयरमैन होंगे डिप्टी सीएम
स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय सोसाइटी की ओर से संचालित अकबरपुर मेडिकल कॉलेज के चेयरमैन डिप्टी सीएम चिकित्सा शिक्षा मंत्री बृजेश पाठक होंगे। सचिव प्राचार्य डॉ. सज्जनलाल वर्मा और सदस्य के रूप में महानिदेशक चिकित्सा शिक्षा, आयुक्त कानपुर मंडल आदि शामिल हैं।
नीट की परीक्षा पास करने वाले 100 छात्रों का पहला बैच कॉलेज जून में आ जाएगा। इससे पहले इसी माह के अंत तक एकेडमिक ब्लॉक तैयार कर दिया जाएगा। -डॉ. सज्जनलाल वर्मा, प्राचार्य, मेडिकल कॉलेज