Mahoba: सांप के डंसने से गर्भवती की मौत, परिजनों ने जिला अस्पताल पर लगाया लापरवाही का आरोप; हंगामा
Mahoba News: कोतवाली प्रभारी अर्जुन सिंह का कहना है कि मामले की जांच कराई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारण स्पष्ट हो सकेंगे। उधर, सीएमएस डॉ. पीके अग्रवाल का कहना है कि जहरीले कीड़े के काटने से महिला अस्पताल आई थी। हालत में सुधार न होने पर रेफर किया गया था। आरोप बेबुनियाद हैं।
विस्तार
महोबा जिले के कस्बा श्रीनगर में सर्प के डंसने से गर्भवती महिला की रविवार की रात मौत हो गई। जिला अस्पताल में परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। परिजनों का आरोप था कि डॉक्टर ने 1,150 रुपये का इंजेक्शन बाहर से मंगाया। कुछ देर इलाज के बाद गर्भवती की मौत हो गई। इसके बाद डॉक्टरों ने उसे रेफर किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई का भरोसा देकर परिजनों को शांत कराया।
कस्बा श्रीनगर निवासी दिलीप की पत्नी भूरी (26) चार माह की गर्भवती थी। रविवार की शाम वह घर पर बर्तन धो रही थी। तभी उसे सर्प ने डंस लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे जिला अस्पताल लाए। जहां उसका इलाज शुरू हुआ। इस दौरान डॉक्टर ने 1,150 रुपये का इंजेक्शन बाहर से मंगाया। महिला की हालत लगातार बिगड़ने पर उसे रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई।
कोतवाली पुलिस ने परिजनों को कराया शांत
इस पर परिजन शव लेकर दोबारा जिला अस्पताल आ गए और डॉक्टर पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। मृतका के जेठ राहुल का आरोप है कि जिला अस्पताल में डॉक्टर ने न तो समय पर रेफर किया और न ही उचित इलाज दिया। महिला की मौत के बाद उसे रेफर किया गया। रास्ते में पता चला कि महिला की सांसें पहले ही थम चुकी हैं। आरोप लगाया कि डॉक्टर ने जिम्मेदारी से बचने के लिए मौत के बाद रेफर किया। एक घंटे तक चले हंगामे की सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने परिजनों को शांत कराया।