Mahoba Murder: पीआरडी जवान के बेटे की नृशंस हत्या, आरोपियों ने चाकू से गोदा, 100 रुपये को लेकर हुआ था विवाद
Mahoba News: कोतवाली क्षेत्र में 100 रुपये के विवाद में पीआरडी जवान के बेटे की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए चार टीमें गठित की हैं।
विस्तार
महोबा जिले में कोतवाली क्षेत्र के पचपहरा गांव में शनिवार की देर रात 100 रुपये के विवाद में पीआरडी जवान के बेटे की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में चार पुलिस टीमें गठित की हैं। पचपहरा निवासी लालसिंह का बेटा नितेश यादव (22) शनिवार की रात करीब 11 बजे गांव से घर लौट रहा था।
तभी चार लोगों ने उसे घेर लिया और चाकुओं से हमला कर फरार हो गए। खून से लथपथ युवक को परिजन व पुलिस जिला अस्पताल लाई। यहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के पिता ने बताया कि एक माह पहले आरोपियों ने उनके बड़े बेटे रूपेश के साथ मारपीट की थी।
आरोपियों की तलाश में चार टीमें गठित
इस बार 100 रुपये के विवाद ने नितेश की जान ले ली। मृतक के बड़े भाई रूपेश ने बताया कि गांव में चल रहे जुए में 100 रुपये को लेकर विवाद हुआ था। इसी के चलते घटना को अंजाम दिया गया। एसपी पलाश वंसल का कहना है कि आरोपियों की तलाश में चार टीमें गठित की गईं हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।