Mahoba: शादी से 13 दिन पहले प्रेमी के साथ फरार हुई प्रेमिका, एक लाख की नकदी व जेवर भी साथ ले गई
यूपी के महोबा जिले में शादी से 13 दिन पहले युवती अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई। बताया जा रहा है कि युवती एक लाख की नकदी व जेवर भी साथ ले गई है।
विस्तार
महोबा जिले के खरेला में शादी से 13 दिन पहले प्रेमिका प्रेमी के साथ फरार हो गई। युवती अपने साथ घर में रखी एक लाख की नकदी और डेढ़ लाख रुपये कीमत के जेवरात भी ले गई। युवती के पिता ने गांव के ही तीन लोगों के सहयोग से एक युवक पर पुत्री को ले जाने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है।
कस्बा खरेला के एक गांव निवासी युवती की शादी 20 जून को होनी थी। परिवार के लोग शादी की तैयारियों में जुटे थे। शादी से चंद दिन पहले मंगलवार रात युवती लापता हो गई। परिजनों ने गांव और रिश्तेदारियों में खोजबीन की लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। बाद में जानकारी हुई कि गांव का ही सजातीय युवक तीन लोगों के सहयोग से उसकी पुत्री को ले गया है। थानाध्यक्ष यज्ञ नारायण भार्गव का कहना है कि तहरीर मिली है। मामले की जांच कराकर युवती की बरामदगी के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं।
घर से बाजार के लिए निकली किशोरी लापता
कोतवाली कुलपहाड़ के एक गांव से बाजार जाने की बात कहकर निकली किशोरी लापता हो गई। किशोरी के पिता ने थाने में तहरीर देकर बताया कि चार माह पहले उसकी पुत्री के साथ गांव के ही एक युवक ने छेड़खानी की थी। जिसका मुकदमा दर्ज कराया था लेकिन आरोपी के चाचा के कहने पर राजीनामा हो गया था। पांच जून को उसकी पुत्री बाजार जाने की बात कहकर घर से निकली थी और वापस नहीं लौटी। पिता ने उक्त युवक पर पुत्री को भगा ले जाने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।