Mahoba: लोहे की रॉड से पीट-पीटकर बहू की हत्या, पिता का आरोप- ससुर रखता था गलत नियत, तीन पर रिपोर्ट दर्ज
Mahoba News: महोबा के कुरौराडांग में ससुर ने अपने परिजनों के साथ मिलकर बहू की लोहे की रॉड से हत्या कर दी। मृतका के पिता ने ससुर पर गलत नीयत रखने और विरोध करने पर मारपीट का आरोप लगाया है। पुलिस ने तीन के खिलाफ केस दर्ज किया है।
विस्तार
महोबा जिले में चरखारी कोतवाली क्षेत्र के कुरौराडांग गांव में ससुर ने परिजनों के साथ मिलकर बहू की लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने ससुर समेत तीन लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की प्राथमिकी दर्ज की है। मृतका के पिता का आरोप है कि दामाद की मौत के बाद ससुर उसकी बेटी पर गलत नियत रखता था। इसी का विरोध करने पर घटना को अंजाम दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना खरेला के धवारी गांव निवासी लखन ने कोतवाली चरखारी में तहरीर देकर बताया कि उसने अपनी बेटी सुखदेवी (34) की शादी कुरौराडांग निवासी आशाराम के साथ की थी। बेटी के पति आशाराम का फरवरी 2025 में कुंभ मेले की भगदड़ में निधन हो गया था। पति की मौजूदगी न होने के चलते ससुर दयाराम सुखदेवी को गलत नियत से देखता था। इसकी सूचना बेटी ने कई बार उसे दी।
लोहे की रॉड से सिर पर हमला किया
तब रिश्तेदारों और ग्रामीणों की मौजूदगी में समझौता कराया गया, लेकिन इसके बाद भी दयाराम अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। आरोप लगाया कि 19 मार्च की रात सुखदेवी घर पर थी। तभी ससुर ने उसे गलत नियत से पकड़ने की कोशिश की। विरोध करने पर ससुर ने अपने बेटे कीरत व नाती योगेंद्र के साथ मिलकर सुखदेवी की मारपीट की और लोहे की रॉड से सिर पर हमला किया। इससे वह घायल हो गई।
आरोपी मकान में ताला लगाकर फरार
शोर-शराबा सुनकर ग्रामीण घायल सुखदेवी को सीएचसी चरखारी ले गए। यहां से डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। घटना के बाद से आरोपी मकान में ताला लगाकर फरार हो गए। अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है। अन्य आरोपों की जांच कराई जा रही है।