Mahoba Accident: ट्रक ने ई-रिक्शा को मारी टक्कर…500 मीटर तक घसीटा, चाची-भतीजे की मौत और तीन गंभीर घायल
Mahoba News: कानपुर-सागर राष्ट्रीय राजमार्ग पर ट्रक ने ई-रिक्शा में टक्कर मारकर 500 मीटर तक घसीटा। हादसे में चाची-भतीजे की मौत हो गई, जबकि चार गंभीर रूप से घायल हो गए।
विस्तार
महोबा जिले में कानपुर-सागर राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार ट्रक ई-रिक्शा को टक्कर मारकर 500 मीटर तक घसीटता ले गया। हादसे में चाची व भतीजे की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से तीन की हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया गया।
हादसा शनिवार की सुबह करीब पांच बजे हुआ। थाना श्रीनगर के बरा गांव निवासी रामआसरे अपनी पत्नी कमलेश, बेटी रोशनी, बेटा हेमंत व पुनीत के साथ अपने भतीजे सुरेंद्र के ई-रिक्शा से महोबा रेलवे स्टेशन जा रहे था। इन सभी को ट्रेन से मजदूरी करने के लिए मथुरा जाना था।
जैसे ही ई-रिक्शा कानपुर-सागर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बरा गांव के आगे पहुंचा। तभी महोबा की ओर से आ रहे ट्रक ने ई-रिक्शा में टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद रिक्शा ट्रक के आगे वाले हिस्से में फंस गया। चालक ई-रिक्शा को करीब 500 मीटर तक घसीट कर ले गया।
हाईवे पर दोनों तरफ लग गया जाम
टक्कर से सुरेंद्र कुमार की मौके पर मौत हो गई, जबकि उसकी चाची कमलेश ने जिला अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। गंभीर हालत में हेमंत, रोशनी व पुनीत को मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर किया गया। हाईवे पर घटना होने से दोनों तरफ जाम लग गया। करीब एक घंटे तक जाम में वाहन फंसे रहे। पुलिस ने ट्रक को अलग कराकर आवागमन शुरू कराया।