Mahoba Accident: ट्रक और ट्रैक्टर की जोरदार भिड़ंत, खंती में पलटा..मची चीख-पुकार, किसान की मौत और दो घायल
Mahoba News: कानपुर-सागर हाईवे तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर में पीछे से टक्कर मार दी। इससे ट्रैक्टर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर सवार किसान की मौत हो गई, जबकि पत्नी और भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गए।
विस्तार
महोबा जिले में कानपुर-सागर हाईवे पर ट्रक की टक्कर से ट्रैक्टर सवार किसान की मौत हो गई। वहीं, पत्नी और भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक खेत की बुआई करने जा रहा था। दुर्घटना के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस दुर्घटना को अंजाम देने वाले वाहन व चालक की तलाश में जुट गई है।
कस्बा श्रीनगर के मोहल्ला भैरवगंज निवासी देवीदयाल (40) खेती-किसानी करके परिवार का भरण-पोषण करता था। शुक्रवार की सुबह करीब दस बजे वह ट्रैक्टर चालक भतीजे अमरचंद्र (35) व पत्नी फूलवती (35) के साथ खेत की बुआई करने कैमाहा मौजा स्थित खेत जा रहा था।
हाईवे पर महोबा की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर में पीछे से टक्कर मार दी। इससे ट्रैक्टर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया। दुर्घटना के बाद घायलों में चीख-पुकार मच गई। इस दौरान आरोपी ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। राहगीरों ने ट्रैक्टर में दबे घायलों को बाहर निकाल जिला अस्पताल पहुंचाया।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
यहां डॉक्टर ने देवीदयाल को मृत घोषित कर दिया, जबकि अमरचंद्र की हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर किया गया गया। वहीं फूलवती का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।