लखनऊ अग्निकांड: कानपुर के दो एनिमेशन आर्टिस्ट की गई जान, संयम और सूरजभान के परिजनों में पसरा मातम
लखनऊ के एनिमेशन सेंटर में सोमवार दोपहर हुए भीषण अग्निकांड में शहर के दो युवकों की मौत हुई है। एक गोविंदनगर के संयम और दूसरे बर्रा के सूरजभान शामिल हैं। आग जिस बिल्डिंग में लगी है, दोनों उसी में स्थित एनिमेशन स्टूडियो में थ्रीडी आर्टिस्ट थे।
विस्तार
लखनऊ के एनिमेशन सेंटर में सोमवार दोपहर हुए भीषण अग्निकांड में शहर के दो युवकों की मौत हुई है। एक गोविंदनगर के संयम और दूसरे बर्रा के सूरजभान शामिल हैं। आग जिस बिल्डिंग में लगी है, दोनों उसी में स्थित एनिमेशन स्टूडियो में थ्रीडी आर्टिस्ट थे। उनकी मौत की खबर से दोनों के मोहल्ले में लोग गमगीन हैं। गोविंदनगर 11 ब्लाक निवासी थ्री-डी आर्टिस्ट संयम विज (28) तीन साल से एनिमेशन स्टूडियो में कार्यरत थे। घटना का पता चलते ही परिजन लखनऊ के लिए रवाना हो गए। देर रात तक संयम के घर के बाहर मोहल्ले और रिश्तेदारों की भीड़ लगी रही। हर किसी की आंखों के आगे सिर्फ संयम का चेहरा घूम रहा था।
सोमवार दोपहर करीब दो बजे लखनऊ स्थित कोचिंग सेंटर आग की भीषण लपटों से घिर गया था। इसमें करीब 15 की मौत हुई है, जबकि झुलस कर और कूदने के प्रयास में कई युवक गंभीर हैं। जान गंवाने वालों में संयम विज का भी नाम शामिल है। परिवार के करीबियों ने बताया कि करीब 15 वर्ष पूर्व संयम के पिता पुष्पराज सिंह का निधन होने के बाद मां सोनिया ने सीमू कुमार से दूसरी शादी कर ली थी। संयम बीते तीन साल से लखनऊ के अलीगंज में ही था। गुड़गांव निवासी बड़े भाई शुभम विज की पत्नी पलक ने बताया कि शाम को जैसे लखनऊ से जानकारी मिली पति और सास वहां के लिए निकल गए थे।
संयम को आज दादी के सत्रहवें में आना था
संयम के मामा सौरभ दुआ व मोनू सेठी ने बताया कि संयम हर शुक्रवार को कानपुर आकर सोमवार को लौट जाता था। करीब 16 दिन पहले संयम की दादी का निधन हो गया था। मंगलवार को उनका सत्रहवां है। इस कारण संयम इस बार शुक्रवार को नहीं आया। उसे मंगलवार को आना था।
बर्रा-सात निवासी सूरजभान की भी मौत
आग की चपेट में आकर बर्रा-सात के सूरजभान (22) की भी मौत हो गई है। जिस बिल्डिंग में आग लगी है सूरज उसी में स्थित एनिमेशन स्टूडियो में थ्री डी आर्टिस्ट थे। सूरजभान के पिता शिवराज का निधन हो चुका है। घटना की जानकारी मिलते ही मोहल्ले में मातम पसर गया। हालांकि सोमवार देर रात तक सूरज की मां मीरा को घटना के बारे में नहीं बताया गया। परिवार के कुछ करीबी सूचना मिलते ही लखनऊ के लिए रवाना भी हो गए हैं।
भतीजे करन ने बताया कि चाचा सूरज रविवार को ही लखनऊ गए थे। अनहोनी ने चाचा को हमेशा के लिए छीन लिया। करन ने बताया कि सूरज का छोटा भाई सम्राट ऋषिकेश गया था, उसे घटना की जानकारी दे दी गई है और लखनऊ रवाना हो गया। भतीजे के मुताबिक मां मीरा को किसी तरह सदमा न पहुंचे, इस कारण उन्हें अभी घटना की जानकारी नहीं दी गई है। सूरज का परिवार बर्रा से पहले गोविंदनगर में रहता था। बीती होली पर ही परिवार गोविंदनगर का मकान छोड़कर बर्रा स्थित घर में शिफ्ट हो गए हैं। सूरज के शव का पोस्टमार्टम सोमवार देर रात हो गया। परिजन शव लेकर घर के लिए निकल गए।