UP: किशोर ने आठ बार डाले वोट, एटा में होगा पुनर्मतदान, आरोपी गिरफ्तार, पोलिंग पार्टी के सभी कार्मिक निलंबित
Farrukhabad News: जिला निर्वाचन अधिकारी ने एटा के अलीगंज विधानसभा क्षेत्र के एक बूथ में पुनर्मतदान की संस्तुति की है। किशोर का आठ बार वोट डालने का वीडियो वायरल हुआ था। सपा अध्यक्ष अखिलेश ने एक्स पर पोस्ट की थी।
विस्तार
लोकसभा चुनाव में 13 मई को हुए मतदान में एक किशोर के आठ बार वोट डालने पर जिला निर्वाचन अधिकारी ने एटा के अलीगंज विधानसभा क्षेत्र के एक बूथ में पुनर्मतदान की संस्तुति की है। घटना का वीडियो वायरल हुआ था। पोलिंग पार्टी के कार्मिकों को निलंबित कर दिया गया है। आरोपी किशोर को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।
दरअसल, वायरल वीडियो में एक किशोर ईवीएम पर भाजपा सांसद मुकेश राजपूत के सामने वाला बटन दबाते दिख रहा है। इसके बाद वह अपना चेहरा दिखाता है। किशोर एक के बाद एक आठ बार इसी प्रक्रिया को दोहराता दिख रहा है। वायरल वीडियो को सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने एक्स पर पोस्ट किया। इसमें लिखा कि अगर चुनाव आयोग को लगे कि ये गलत हुआ है तो वह कुछ कार्रवाई जरूर करे। नहीं तो भाजपा की बूथ कमेटी, दरअसल लूट कमेटी है। पोस्ट के बाद बड़ी संख्या में लोग इस पर तरह-तरह के कमेंट करने लगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. वीके सिंह ने बताया कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की पोस्ट को गंभीरता से लेते हुए लोक सभा निर्वाचन के 103-अलीगंज विधानसभा क्षेत्र के सहायक रिटर्निंग आफिसर को मामले की जानकारी दी गई। सहायक रिटर्निंग ऑफिसर ने मामले में जनपद एटा के थाना नयागांव में रिपोर्ट दर्ज करा दी है। यह मामला अलीगंज विधानसभा क्षेत्र के प्राथमिक पाठशाला खिरिया पमारान के बूथ संख्या 343 का है।