Hamirpur News: अवैध संबंधों के शक में हुई थी भट्ठा मजदूर की हत्या, पुलिस ने एक आरोपी को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया
मुस्करा थाना क्षेत्र में भट्ठा मजदूर की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हासिल हुई है। पुलिस ने मुख्य आरोपी को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया है। बता दें कि मजदूर करीब छह माह से लापता था, जिसका शव मिट्टी के टीले में दबा दिया गया था।
विस्तार
हमीरपुर जिले में मुस्करा थाना क्षेत्र के ग्राम शिवनी के मजरा नत्थू पाल डेरा में एक खेत के टीले की मिट्टी में दबे कई दिन पुराने शव के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। घटना के पीछे अवैध संबंधों के शक में शराब पिलाकर डंडे से वार कर हत्या की गई थी। हत्यारोपी के साथ उसके भाई और मां ने मिलकर हत्याकांड को अंजाम दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी को एक मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, थाना मुस्करा के उपरहका निवासी मूलचंद्र निषाद (48) का नौ मई को शव बरामद हुआ था। मृतक के पुत्र हरगोविंद की तहरीर पर पुलिस ने पिछले 10 दिसंबर को दर्ज अपहरण के मुकदमे में हत्या की धारा तरमीम की। अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार ने बताया कि उपरहका निवासी आरोपी कल्लू राजपूत ने पूछताछ में बताया कि करीब छह माह पूर्व मूलचंद्र को शराब पिलाने के बहाने खेत में ले गया था।
उसने कहा मूलचंद ने उसकी पत्नी के साथ छेड़खानी की थी। इसी के चलते उसने अपने भाई नारायण उर्फ नरेंद्र के साथ मिलकर डंडे से पीटकर उसे मार डाला। वहीं खेत में ही कुछ दूर पर उनकी मां सुशीला उर्फ जयदेवी मूंगफली उखाड़ रही थी, जब उसने देखा कि मूलचंद्र मर गया है, तो तीनों ने लाश को खेत में छिपा दिया। घटना के दूसरे दिन वह भोगनीपुर ईंट भट्ठे पर चला गया।
पुलिस को बताया कि करीब 15 दिन बाद शव से बदबू आने पर भाई नारायण उर्फ नरेंद्र ने जानकारी दी। तब शव को अपने खेत से निकालकर बोरे में भरकर जंगल में गड्डा खोदकर दबा दिया, लेकिन जंगली जानवरों के खोदने पर ग्रामीणों को पता चल गया। एएसपी ने बताया आरोेपी कल्लू को पकड़ने विरमा नदी की ओर पुलिस गई तो वह बाइक छोड़कर भागने लगा।
तभी पीछा करते देख आरोपी ने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। आरोपी के कब्जे से तमंचा, फावड़ा, डंडा बरामद किया है। पुलिस ने बताया कि कल्लू पर गैंगस्टर, खनिज अधिनियम जैसे कई मामले दर्ज हैं। एएसपी ने घटना का खुलासा करने पर प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार और टीम को 10 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा। वहीं, हत्या में शामिल नारायण और उसकी मां सुशीला की पुलिस तलाश कर रही है।