‘भगवान की शरण में खाकी’: हत्या-डकैती की वारदातों से परेशान, भद्र काली मंदिर में हुआ मंथन, जानिए क्या है कहानी
Kannauj News: जिले में हत्या और डकैती की वारदातों से पुलिस परेशान दिखी। अफसरों के माथे पर आया पसीना उनके सामने आई चुनौती को जाहिर कर रहा था। मामलों के खुलासे के लिए पुलिस अफसरों ने काली मंदिर में बैठक कर मंथन किया।
विस्तार
कहते हैं पुलिस हर संकट का समाधान कर देती है। घर परिवार में भी होने वाले संकटों को लेकर लोग पुलिस के पास जाते हैं और पुलिस समाधान भी करवा देती है, लेकिन जब खुद पर संकट आता तब भगवान ही याद आते हैं। ऐसे ही संकट को हरने के लिए खाकी को देवी मां की शरण में जाना पड़ा।
कन्नौज पुलिस के लिए बुधवार की रात काफी चुनौती भरी रही। पहले तो सदर कोतवाली क्षेत्र के जलालपुर-अमरा में ही पूर्व प्रधान के पति की हत्या के आरोपियों प्रधान पुत्र से मुठभेड़ हुई। रात 11 बजे हुई मुठभेड़ के बाद पुलिस रात डेढ़ से दो बजे तक उसके फर्द लिखने में जुटी रही।
उसके बाद सदर कोतवाली के ही युसूफपुर भगवान मोहल्ले में ही डकैती की वारदात हो गई। एक के बाद बड़ी घटनाओं से पुलिस परेशान दिखी। जिस जगह डकैती की हुई, गुरुवार को अफसर उसी के पास स्थित भद्र काली मंदिर में बैठकर मामले के खुलासे पर मंथन करते रहे।
अफसर मोबाइल से लेते रहे अपडेट
खुलासे को लगी टीमों से पल-पल की मोबाइल से अपडेट लेते रहे। अफसरों के माथे पर आया पसीना उनके सामने आई चुनौती को जाहिर कर रहा था। हालांकि हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने में सफलता पाई है। लेकिन डकैती की वारदात अभी भी मुसीबत बनी हुई है।