Kanpur: गर्मी में झुलसा केस्को का सिस्टम, फॉल्ट की झड़ी लगी...जनता रही परेशान, जानें निदेशक क्या बोले
Kanpur News: केस्को के निदेशक ने बताया कि फॉल्ट की लगातार मॉनीटरिंग की जा रही है। कुछ जगहों पर अभी और कार्य कराने की जरूरत है। मरम्मत को लेकर नए सिरे से विचार विमर्श चल रहा है।
विस्तार
कानपुर में केस्को के बिजली सिस्टम में शनिवार को हुए फॉल्टों ने उपभोक्ताओं की मुसीबतें बढ़ा दीं। शहर के आधा दर्जन डिवीजन में उपकरण फुंक गए, जबकि कई जगह फॉल्ट हुए, जिससे उपभोक्ताओं को परेशानियों का सामना करना पड़ा। सबसे अधिक समस्या पेयजल को लेकर रही। लोगों ने केस्को के हेल्पलाइन नंबर और एक्स पर शिकायतें दर्ज कराईं।
सर्वोदयनगर खंड के नवीननगर सबस्टेशन की एचटी लाइन में कबूतर चिपकने से 11 केवी एम ब्लॉक स्वराज इंडिया फीडर की आपूर्ति दोपहर 3:30 बजे से शाम छह बजे तक ठप रही। यहां 11 केवी ओवरहेड केबल बॉक्स क्षतिग्रस्त हो गया था। फूलबाग उपकेंद्र के अंतर्गत 33 केवी भूमिगत केबिल में फॉल्ट हो गया। यहां दोपहर 1.20 से शाम 4.25 बजे तक लाइट नहीं रही।
वहीं, नवाबगंज खंड के जल संस्थान सब स्टेशन के अशोकनगर फीडर की एचटी लाइन फुंक गई। यहां दोपहर 2.20 से 3.40 बजे तक बिजली गुल रही। हैरिसगंज खंड के रिंग रोड उपकेंद्र में 400 केवीए का नया वितरण परिवर्तक लगाने के लिए शाम 5.30 से 6.50 बजे तक बिजली नहीं रही। इसी प्रकार कई इलाकों में बिजली कटौती भी रही, जिससे जनता परेशान हुई।
मरम्मत का काम पूरा न होने से आ रहीं दिक्कतें
केस्को की ओर से जनवरी से लेकर अप्रैल तक मरम्मत, ट्रांसफार्मर, केबल, अंउरग्राउंड लाइन के उच्चीकरण के कार्य किए गए। कई जगह उपकरण बदले गए लेकिन लक्ष्य पूरा नहीं हो सका। गर्मी बढ़ते ही लोड बढ़ने से फॉल्ट शुरू हो गए हैं। उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड के चेयरमैन ने चार दिन पूर्व लखनऊ में हुई बैठक में केस्को के अधिकारियों को बेहतर बिजली सप्लाई के लिए निर्देश दिए थे, जबकि इसके नतीजे उल्टे ही आ रहे हैं।
फॉल्ट की लगातार मॉनीटरिंग की जा रही है। कुछ जगहों पर अभी और कार्य कराने की जरूरत है। मरम्मत को लेकर नए सिरे से विचार विमर्श चल रहा है। -राकेश वार्ष्णेय, निदेशक केस्को