Karauli Baba: चमत्कार न होने पर डॉक्टर को पीटा था, बाबा को नोटिस भेजने की तैयारी, जल्द ही गठित होगी एसआईटी
Karauli Baba Kanpur News: डॉ. सिद्धार्थ चौधरी ने बताया कि वह बाबा का चमत्कार देखने के लिए अपने पिता डॉ. वीएस चौधरी, मां रेनू चौधरी व पत्नी प्रियंका के साथ करौली सरकार आश्रम आए थे। जब उन्हें पीटा जा रहा था तो परिवार ने उन्हें बचाने की कोशिश की थी, इसपर बाबा के गुंडों ने उनसे अभद्रता की थी। करौली बाबा को इस मामले में नोटिस देकर पुलिस उनके बयान दर्ज करने की तैयारी कर रही है।
विस्तार
Karauli Sarkar Kanpur: नोएडा के डॉक्टर सिद्धार्थ चौधरी से मारपीट करने के मामले में करौली बाबा के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले में विवेचना शुरू कर दी है। डाॅ. संतोष सिंह भदौरिया उर्फ करौली बाबा को इस मामले में नोटिस देकर पुलिस उनके बयान दर्ज करने की तैयारी कर रही है। वहीं पीड़ित डॉक्टर से पुलिस ने अभी तक कोई संपर्क नहीं किया है।
नोएडा में एक नर्सिंगहोम संचालक डॉ. सिद्धार्थ चौधरी अपने परिवार के साथ बीती 22 फरवरी 2023 को करौली सरकार आश्रम बिधनू आए थे। डॉक्टर ने बाबा से बात करने के लिए 2600 रुपये की पर्ची कटाई थी। उसके बाद उनसे कहा था कि सुख शांति और पितृ दोष से मुक्ति पाने के लिए वह बाबा के दरबार आए हैं। उन्होंने बाबा से चमत्कार दिखाने का आग्रह किया था। डॉक्टर ने आरोप लगाया कि बाबा ने दो बार चमत्कार दिखाने का प्रयास किया मगर कुछ नहीं हुआ।
इसी से गुस्साए बाबा ने अपने गुंडों से उन्हें बेरहमी से पिटवाया था। उनका सिर फोड़ दिया था और नाक की हड्डी तोड़ दी थी। सीपी से शिकायत के बाद 19 मार्च को बिधनू थाने में करौली बाबा और अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस ने एफआईआर दर्ज की थी। डीसीपी साउथ सलमान ताज पाटिल ने बताया कि बिधनू में जो एफआईआर दर्ज हुई है उसमें पुलिस ने विवेचना शुरू कर दी है। आश्रम से घटना वाले दिन के सीसीटीवी फुटेज भी निकलवाने का प्रयास किया जा रहा है। उसमें पता चलेगा कि उस दिन आखिर हुआ क्या था। उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
डॉ. सिद्धार्थ चौधरी ने बताया कि वह बाबा का चमत्कार देखने के लिए अपने पिता डॉ. वीएस चौधरी, मां रेनू चौधरी व पत्नी प्रियंका के साथ करौली सरकार आश्रम आए थे। जब उन्हें पीटा जा रहा था तो परिवार ने उन्हें बचाने की कोशिश की थी, इसपर बाबा के गुंडों ने उनसे अभद्रता की थी।
यह भी पढ़ें- करौली बाबा का भौकाल: 20 हथियारों से लैस गैंग के साथ चलता है बाबा, तीन साल में खड़ा किया करोड़ों का साम्राज्य