कानपुर: थाने के सामने गले में मारा था ब्लेड, युवक निकला एचआईवी संक्रमित, इलाज के बाद डिस्चार्ज, पढ़ें मामला
Kanpur News: चकेरी थाने के गेट पर 13 सितंबर की शाम पुलिसकर्मियों के सामने खुद की गर्दन पर ब्लेड मारने वाला युवक जांच में एचआईवी संक्रमित पाया गया है। पुलिस ने उसे तुरंत कांशीराम अस्पताल पहुंचाया था, जहां से गंभीर हालत में हैलट अस्पताल रेफर किया गया था।
विस्तार
कानपुर में चकेरी थाने के गेट पर 13 सितंबर की शाम पुलिस के सामने ब्लेड से अपनी ही गर्दन पर वार करने वाला युवक जांच में एचआईवी संक्रमित मिला। पुलिस ने उसे उपचार के लिए कांशीराम अस्पताल पहुंचाया था जहां से हैलट रेफर किया गया था। पुलिस की पड़ताल में युवक की पहचान फतेहपुर निवासी के रूप में हुई।
पुलिस के अनुसार रामादेवी फ्लाईओवर के नीचे युवक के नशे में होने की सूचना मिली थी। इस पर पुलिस उसे कांशीराम अस्पताल ले जाने के लिए वाहन में बैठा रही थी। इसी दौरान वह पुलिसकर्मी का हाथ छुड़ाकर थाने के गेट की ओर भागा और जेब से ब्लेड निकालकर गर्दन पर वार कर लिया था।
युवक की हालत में सुधार है
हैलट में उपचार के दौरान जांच में उसके एचआईवी संक्रमित होने की पुष्टि हुई। डॉक्टरों के मुताबिक युवक वीगो निकालकर फेंकने और हुड़दंग करने लगा था। इसके बाद उसकी नानी को बुलाकर उसे डिस्चार्ज कर दिया गया। थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि युवक की हालत में सुधार है।