कानपुर: युवक ने फंदा लगाकर ली जान, प्रेम प्रसंग की आशंका, परिजनों में मचा कोहराम, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
Kanpur News: जूही थाना क्षेत्र के नयापुरवा में देर रात एक युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। प्राथमिक स्तर पर आत्महत्या के पीछे प्रेम प्रसंग की बात सामने आ रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
विस्तार
कानपुर में जूही थाना क्षेत्र के नयापुरवा इलाके में बीती देर रात हड़कंप मच गया, जब एक युवक ने अपने घर के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में फंदा लगाकर जान दे दी। देर रात जब परिजनों की नजर फंदे से लटकते शव पर पड़ी, तो घर में चीख-पुकार मच गई। देखते ही देखते मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद शव को फंदे से नीचे उतरवाया और फॉरेंसिक साक्ष्य एकत्र किए। स्थानीय लोगों और प्राथमिक छानबीन के आधार पर घटना के पीछे प्रेम प्रसंग का मामला होने की आशंका जताई जा रही है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
हालांकि, पुलिस का कहना है कि सुसाइड का सटीक कारण क्या था, यह परिजनों के बयान और विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मृतक के मोबाइल फोन और अन्य पहलुओं को खंगाला जा रहा है। परिजनों से भी बातचीत कर जानकारी जुटाई जा रही है।