Kanpur: रेलवे ट्रैक के पास मिला युवक का शव, हत्या और आत्महत्या के एंगल से जांच, शिनाख्त में जुटी पुलिस
Kanpur News: चकेरी थाना क्षेत्र के अहीरवां गांव में रविवार सुबह रेलवे ट्रैक के किनारे पेड़ से एक 30 वर्षीय युवक का शव लटका मिलने से सनसनी फैल गई। मॉर्निंग वॉक पर निकले ग्रामीणों की सूचना पर पहुँची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने शव को कब्जे में ले लिया है। मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है, और पुलिस हत्या व आत्महत्या दोनों पहलुओं पर बारीकी से जांच कर रही है।
विस्तार
कानपुर में चकेरी थाना क्षेत्र के अहीरवां गांव में रविवार सुबह रेलवे ट्रैक के किनारे एक पेड़ से लगभग 30 वर्षीय युवक का शव लटका मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही चकेरी पुलिस और फॉरेंसिक टीम तत्काल मौके पर पहुंची और साक्ष्य संकलन शुरू किया।
प्रत्यक्ष्रदर्शियों ने बताया कि वे रविवार सुबह रोज की तरह मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। इसी दौरान जब वे रेलवे ट्रैक के पास पहुंचे, तो उन्होंने एक पेड़ से युवक का शव लटका देखा। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। देखते ही देखते मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
शिनाख्त के प्रयास में जुटी पुलिस
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारकर कब्जे में ले लिया। आसपास के लोगों से पूछताछ की गई, लेकिन खबर लिखे जाने तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस अब कानपुर नगर और आसपास के अन्य थानों से दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाल रही है, ताकि मृतक की पहचान सुनिश्चित की जा सके।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
इसके साथ ही फॉरेंसिक टीम की मदद से हत्या और आत्महत्या दोनों ही बिंदुओं पर गहनता से जांच की जा रही है। चकेरी थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि शव की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।