Kanpur: मायके जाने की जिद में महिला ने की आत्महत्या, पति से हुआ था विवाद…शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
Kanpur News: सचेंडी थाना क्षेत्र के भीमसेन गांव में मायके जाने की जिद को लेकर हुए विवाद के बाद एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। महिला के परिजनों का आरोप है कि उसका पति शराब पीने का आदी था और मारपीट करता था, जिससे वे अक्सर झगड़ते थे।
विस्तार
कानपुर के सचेंडी थाना क्षेत्र में मायके जाने को लेकर हुए विवाद के बाद एक महिला ने अपने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पति ने दरवाजा तोड़ने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।यह दुखद घटना सोमवार को भीमसेन गांव में हुई। गांव के निवासी कुलदीप वर्मा की पत्नी प्रभा उर्फ राधा ( 25) ने, जो चार साल पहले फतेहपुर से शादी करके आई थी, ने अपनी जान दे दी। उनके दो बच्चे भी हैं।
कुलदीप के बड़े भाई दिलीप ने बताया कि आए दिन दंपती में छोटी–छोटी बातों को लेकर कलह होती थी। बताया कि सोमवार को प्रभा मायके जाना चाहती थी, मना करने पर उसका कुलदीप से विवाद हो गया। झगड़े के बाद कुलदीप कमरे से चला गया, कुछ देर बाद लौट तो देखा कमरा बंद कर गमछे से फंदा लगा रही थी। कुलदीप ने लोगों को एकत्र दरवाजा तोड़ना शुरू किया, लेकिन तब तक प्रभा जान दे चुकी थी। परिजनों ने बताया कि वह पहले भी तीन बार आत्महत्या का प्रयास कर चुकी थी।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
प्रभा का एक वीडियो भी दिखाया। इसमें प्रभा ससुरालीजनों कह रही कि कितने बार बचाओगे, एक न एक दिन फांसी लगा लूंगी। मेरे होने का एहसास नहीं है, मेरे जाने का एहसास होगा। वहीं मृतका की बहन सपना ने बताया कि कुलदीप शराब का लती है। आए दिन शराब के नशे में मारपीट करता था, जिस कारण बहन का उससे विवाद होता था। सचेंडी थाना प्रभारी दिनेश सिंह बिष्ट ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।