Kanpur: कैसी पुलिस की निगरानी, सर्किल के 26 हिस्ट्रीशीटर लापता, थानों में दर्ज हैं 290…18 की हो चुकी है मौत
Kanpur News: घाटमपुर पुलिस सर्किल के छह थानों से 26 हिस्ट्रीशीटर लापता हो गए हैं, जिनकी पुलिस को कोई जानकारी नहीं है। साढ़ थाना क्षेत्र में सबसे अधिक अपराधी लापता हैं, जिससे पुलिस की निगरानी पर सवाल उठ रहे हैं।
विस्तार
कानपुर के घाटमपुर में अपराधी की हिस्ट्रीशीट दर्ज होते ही पुलिस को उसकी लगातार निगरानी करने का प्रावधान है। घोषित अपराधी होने पर इन पर नजर रखना पुलिस के लिए उतना ही आवश्यक है कि जितना अपराध को रोकना। इसके बावजूद सर्किल के छह थानों से 26 हिस्ट्रीशीटर लापता हैं।
उनकी पुलिस को भनक तक नहीं है। सर्किल क्षेत्र के घाटमपुर, सजेती, साढ, रेउना, बिधनू व सेन पश्चिम पारा थानों में कुल 290 अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खुली हुई है। जिनकी लगातार निगरानी करने की जिम्मेदारी संबंधित थाना पुलिस की है। इनमें 18 की मौत हो चुकी है।
लापता हिस्ट्रीशीटरों को खोजने में भी असफल
वहीं, 26 पुलिस की निगरानी के बावजूद लापता हो चुके हैं। इनमें कई तो काफी लंबे समय से लापता हैं। सबसे अधिक लापता होने वालों की संख्या साढ थाना क्षेत्र में है। इन लापता हिस्ट्रीशीटरों की निगरानी में जहां पुलिस फेल हुई है। वहीं, इनको खोज निकालने में भी फिलहाल असफल है।
लापता होकर दूसरे क्षेत्र में, तो नहीं कर रहे अपराध
क्षेत्र से लापता हिस्ट्रीशीटर कहीं दूसरे क्षेत्र में तो अपराधों को अंजाम नहीं दे रहे, क्योंकि यदि उन्हें अपराध करने से बचना होता, तो क्षेत्र में ही बिना झंझट के पुलिस की निगरानी में जीवन यापन कर सकते थे। लापता होने के पीछे पुलिस की नजरों से बचने के मंसूबे होने से इंकार नहीं किया जा सकता है।
थानावार ब्योरा
थाना कुल मरे लापता
घाटमपुर 96 01 06
सजेती 62 05 03
साढ़ 48 09 09
रेऊना 16 01 02
बिधनू 31 00 03
सेन पश्चिमपारा 37 02 03
कुल 290 18 26
सभी थाना प्रभारियों को लिखित निर्देश दिए गए हैं कि लापता हिस्ट्रीशीटर की तलाश की जाए। वह कहां हैं और क्या कर रहे हैं, इसकी पूरी जानकारी की जाए। -योगेश कुमार, एडीसीपी साउथ