Kanpur Weather Update: हवाओं ने गिराया पारा…उमस ने बढ़ाई परेशानी, गरज-चमक के साथ आएंगे बादल, ये है अलर्ट
Weather News: वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि कानपुर परिक्षेत्र में बंगाल की खाड़ी से नमी आ रही है। अरब सागर से आने वाली नमी मध्य प्रदेश की तरफ है। साथ ही सोमवार को एक नया पश्चिमी विक्षोभ आ रहा है।
विस्तार
कानपुर में बंगाल की खाड़ी से आ रही नम हवाओं ने अधिकतम और न्यूनतम दोनों तापमान कम कर दिए। इसके साथ ही माहौल में उमस बढ़ गई। लोगों को दिन में तापमान से अधिक गर्मी महसूस हुई। वैसे अधिकतम और न्यूनतम तापमान दोनों सामान्य औसत से कम रहे।
रविवार से शाम से बादलों की आवाजाही बढ़ गई। इससे रात का न्यूनतम तापमान बढ़ सकता है। सीएसए के मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि पांच दिनों तक बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। इसके साथ ही धूल भरी आंधी भी चल सकती है। कानपुर परिक्षेत्र में गरज-चमक के साथ बादल आएंगे।
बंगाल की खाड़ी से आ रही है नमी
सीएसए के मौसम विभाग की वेधशाला की रिपोर्ट के मुताबिक, रविवार सुबह माहौल में नमी का प्रतिशत 59 रहा। दोपहर में नमी 29 प्रतिशत हो गई। वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि कानपुर परिक्षेत्र में बंगाल की खाड़ी से नमी आ रही है।
कहीं-कहीं हो सकती है बूंदाबांदी
अरब सागर से आने वाली नमी मध्य प्रदेश की तरफ है। साथ ही सोमवार को एक नया पश्चिमी विक्षोभ आ रहा है। अगर तीनों गतिविधियां एक साथ मिल गईं तो मौसमी गतिविधि अचानक बदलने के साथ और तेज हो जाएगी। कानपुर परिक्षेत्र में बारिश के आसार नहीं हैं। स्थानीय स्तर पर कहीं-कहीं बूंदाबांदी हो सकती है।