Kanpur Weather Update: अरमानों पर फिरा पानी! चार घंटे छाए बादल...बरसे महज 20 मिनट, पढ़िए पूरा अपडेट
Weather News: उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में बादलों की गरज-चमक के साथ झमाझम बारिश हो रही है। वहीं, कई जगहों पर भीषण गर्मी और उसम ने डेरा जमा रखा है। कानपुर में बीती शाम बने मौसम के अनुरूप बारिश नहीं हुई।
विस्तार
कानपुर में करीब 12 दिन बाद शनिवार शाम को जो मौसम बना, तो ऐसा लगा कि अब तो झमाझम बारिश होगी। शाम करीब चार बजे तेज हवाओं के साथ काले बादल छाए और बारिश शुरू हो गई। हालांकि अरमानों पर उस समय पानी फिर गया, जब महज 20 मिनट की बारिश के बाद ही बादल छंट गए।
हालांकि बादल करीब चार घंटे तक घुमड़ते रहे। सीएसए के मौसम विभाग के अनुसार करीब 10.4 मिमी बारिश हुई। मौसम विभाग के प्रमुख डॉ. एसएन पांडेय के अनुसार उप्र में अगले तीन दिनों के लिए भारी बारिश के संकेत हैं, लेकिन कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र में स्थितियां अभी भी अनुकूल नहीं बन पा रही हैं।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. पांडेय ने बताया कि टर्फ लाइन (बारिश वाले बादलों का समूह) अभी भी पूरी तरह से इस क्षेत्र के ऊपर नहीं आ पाई है। इस वजह से बारिश नहीं हो पा रही है। बताया कि अगले तीन दिन तराई और ग्रामीण क्षेत्रों में कहीं-कहीं गरम-चमक के साथ बिजली भी गिर सकती है।
छिटपुट वर्षा से फसलों के सूखने का खतरा
बारिश के बाद तापमान में मात्र एक डिग्री सेल्सियस की कमी आई और नमी 10 प्रतिशत बढ़ गई। अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम 25.6 डिग्री सेल्सियस रहा। मानसून की बारिश इस बार जून महीने से ही शुरू हो गई और जून से जुलाई के पहले पखवारे तक जमकर बारिश भी हुई।
कहीं कम और कहीं ज्यादा बारिश
इसके बावजूद छिटपुट हो रही बारिश ने किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें गाढ़ी कर दी हैं। इस बार बारिश का हाल यह है कि शहर के अलग-अलग मोहल्लों में भी बारिश एक जैसी नहीं हो रही। कहीं कम और कहीं ज्यादा बारिश को मौसम विज्ञानी जलवायु परिवर्तन से जोड़कर देख रहे हैं।