Kanpur Weather Update: पिछली बार से 124.7 MM ज्यादा बरसा मानसून, तीन को होगा विदा…अब से दिन में रहेगी गर्मी
Weather News: बारिश का सिलसिला खत्म होने के बाद उत्तर-पश्चिमी हवाओं की सक्रियता महानगर सहित उत्तर प्रदेश में बढ़ने लगी हैं। इसकी वजह से अब दिन का पारा बढ़ेगा और रात का घटता जाएगा। स्थानीय मौसम विभाग के अनुसार, पहली अक्तूबर को धूप के बीच बादल भी रहने की संभावना है, लेकिन बारिश की गुंजाइश नहीं है।
विस्तार
कानपुर में पिछले तीन दिनों से शहर और प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में हो रही मानसूनी बारिश का सिलसिला एक अक्तूबर से थम जाएगा। मानसून की विदाई तीन अक्तूबर से शुरू हो जाएगी। यह घोषणा मौसम विभाग की ओर से की गई है। इस सीजन में एक जून से 28 सितंबर तक कुल 723.3 मिमी बारिश हो चुकी है, जो पिछली बार की अपेक्षा 124.7 मिमी ज्यादा है।
अगले दो दिनों में 15 से 20 मिमी बारिश होने की संभावना है। मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन पांडेय के अनुसार, इस बार बारिश ज्यादा जरूर हुई है लेकिन लोगों और खेती को इसका फायदा कम, नुकसान ज्यादा हुआ है। इसकी वजह यह है कि मानसूनी बारिश लंबे समय तक रुक-रुककर कम मात्रा में होती है। इस बार हर बार तेजी से हुई।
डॉ. पांडेय ने बताया कि इस बार मानसून पांच दिन पहले 28 जून को ही आ गया था। मानसून की विदाई का समय वैसे 10 सितंबर से शुरू हो जाता है, लेकिन इस बार यह काफी लंबा रहा। जिसकी वजह से ठंड का समय भी जल्दी आने की संभावना है। डॉ. पांडेय ने बताया कि दो अक्टूबर की रात से ही प्रदेश में एंटी साइक्लोन की सक्रियता बढ़ जाएगी।
तड़के हल्की धुंध भी नजर आने लगेगी
इससे पाकिस्तान से होकर राजस्थान के रास्ते उत्तर-पश्चिमी हवाओं का आना शुरू हो जाएगा, जिससे वातावरण में ठंडक महसूस होने लगेगी। इस मौसम में उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलने की वजह से ही मानसून की विदाई शुरू हो जाती है। बताया कि अगले तीन-चार दिनों के बाद से तड़के हल्की धुंध भी नजर आने लगेगी। सुरसुरी भी महसूस होगी।
सीजन में कुल बारिश
- 2024 में अभी तक 723.3 मिमी
- 2023 में 589.6 मिमी
- 2022 में 807.5 मिमी
बारिश के इस सीजन की खास बातें
- पूरे देश में इस बार 8 प्रतिशत बारिश सामान्य से अधिक रिकॉर्ड की गई।
- जून-जुलाई में कम अगस्त-सितंबर में ज्यादा हुई बरसात।
- कभी सप्ताह भर नहीं बरसा और एक ही दिन में पूरे सात दिन बारिश का कोटा पूरा कर दिया।
- इस बार स्ट्रीम बारिश हुई, जिसमें एक दिन में कभी 120 मिमी, 80 मिमी, 60 मिमी और 50 मिमी।
आज से सुबह शाम गुलाबी ठंड, दिन में रहेगी गर्मी
बारिश का सिलसिला खत्म होने के बाद उत्तर-पश्चिमी हवाओं की सक्रियता महानगर सहित उत्तर प्रदेश में बढ़ने लगी हैं। इसकी वजह से अब दिन का पारा बढ़ेगा और रात का घटता जाएगा। इसकी वजह से सुबह शाम गुलाबी ठंड रहेगी और दिन में गर्मी महसूस होगी। सोमवार को अधिकतम तापमान में चार डिग्री की बढ़त के साथ 33 डिग्री और न्यूनतम में एक डिग्री की कमी के साथ 23 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड की गई।
अगले दस दिनों तक खुशनुमा रहेगा मौसम
स्थानीय मौसम विभाग के अनुसार, पहली अक्तूबर को धूप के बीच बादल भी रहने की संभावना है लेकिन बारिश की गुंजाइश नहीं है। मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन पांडेय के अनुसार, अब सुबह और शाम का मौसम अगले दस दिनों तक काफी खुशनुमा रहेगा। इस बीच हवा में अधिकतम नमी 97 और न्यूनतम 65 प्रतिशत रही। हवा की रफ्तार तीन किमी प्रति घंटा दर्ज हुई।
चाइना का बेबिन्का तूफान बदलेगा मौसम
चीन के शंघाई तक पहुंचा नया चक्रवाती तूफान बेबिन्का अगले 48 घंटे में भारत और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में असर डाल सकता है। इसकी वजह से पूर्वोत्तर राज्यों पर सबसे ज्यादा असर पड़ने की संभावना है। मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन पांडेय के अनुसार कानपुर और यूपी के अधिकांश हिस्सों में इसका ज्यादा असर नहीं दिखेगा। इसकी वजह से कुछ क्षेत्रों में तेज हवा के साथ बादल छा सकते हैं।