Kanpur: हत्या के मामले में वांछित आरोपी की पुलिस से मुठभेड़, पैर में लगी गोली…जिला अस्पताल में भर्ती
Kanpur News: गंगाघाट थाना क्षेत्र में हत्या के वांछित आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विस्तार
शुक्लागंज में कोतवाली गंगा घाट के गंगा बैराज मार्ग पर बीती देर रात एक बजे वाहन चेकिंग के दौरान हत्या के मामले में वांछित आरोपी से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली जा लगी, जिसे पुलिस ने उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा है। बता दें कि 31 अगस्त की रात को गगनी खेड़ा मोहल्ले में छेड़छाड़ के मामले को लेकर हुई फायरिंग में अजीत (10) नाम के बालक की मौत हो गई थी।
इसमें मृतक के पिता सोनू की तहरीर पर पुलिस ने छह नामजद व दो अज्ञात के खिलाफ हत्या समेत अन्य धारा में रिपोर्ट दर्ज की थी। इस मामले में पुलिस दो नामजद और चार अन्य को अब तक जेल भेज चुकी है। इसी मामले में वांछित चल रहे एक और आरोपी से गंगा बैराज मार्ग के हरिहरपुर मोड़ के पास वाहन चेकिंग के दौरान गंगा घाट पुलिस की मुठभेड़ हो गई।
315 बोर का तमंचा व एक कारतूस बरामद
अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी युवक शंभर खेड़ा निवासी साकेत पुत्र हेमराज ने पकड़े जाने के डर से पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षार्थ पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें आरोपी युवक के पैर में गोली जा लगी। मौके से पुलिस ने 315 बोर का तमंचा व एक कारतूस का खोखा व एक कारतूस बरामद किया है। पूछताछ में आरोपी युवक ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया है।