कानपुर: रेल मंत्रालय के अधिकारी के घर लाखों की चोरी, पुश्तैनी जेवर और नकदी पार, जांच में जुटी पुलिस
Kanpur News: बिधनू थाना क्षेत्र के बाजपुर गांव में लगातार बारिश और जलभराव के चलते बंद पड़े रेल मंत्रालय के अनुभाग अधिकारी के मकान का ताला तोड़कर चोरों ने लाखों रुपये के पुश्तैनी सोने-चांदी के जेवर और नकदी पार कर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विस्तार
कानपुर में बिधनू थाना क्षेत्र के बाजपुर गांव में बंद मकान का ताला तोड़कर चोरों ने रेल मंत्रालय में तैनात अनुभाग अधिकारी की मां के घर से लाखों रुपये के पुश्तैनी सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी कर ली। लगातार बारिश और घर के आसपास जलभराव होने के कारण अधिकारी की 53 वर्षीय मां मकान बंद कर रिश्तेदारी में रहने चली गई थीं। करीब 22 दिन बाद घर का ताला टूटा होने और सामान बिखरा होने की जानकारी मिली। मामले में बिधनू पुलिस ने 23 अक्तूबर को प्राथमिकी दर्ज की है।
बाजपुर मोड़, रमईपुर निवासी अपूर्व बाजपेयी दिल्ली में रेल मंत्रालय में अनुभाग अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। उनके मुताबिक, बाजपुर गांव स्थित मकान में उनकी मां राधा देवी अकेले रहती हैं। लगातार बारिश और घर के चारों ओर जलभराव होने के कारण 27 सितंबर को सुबह करीब साढ़े छह बजे उन्हें घर छोड़कर चंदन नगर की गल्ला मंडी निवासी रिश्तेदार प्रमोद तिवारी के घर जाना पड़ा था। मकान में फतेहपुर निवासी सीता नाम की युवती भी किराये पर रहती है।
मकान में ताला बंद था और कोई नहीं रह रहा था
वह भी उसी दौरान घर चली गई थी। इसके बाद मकान में ताला बंद था और कोई नहीं रह रहा था। अचानक घर छोड़ने के कारण राधा देवी अपने साथ केवल दो जोड़ी कपड़े, दवाएं, मोबाइल और चार्जर ही ले जा सकी थीं। अपूर्व के अनुसार, 19 अक्तूबर को दोपहर करीब एक बजे किरायेदार सीता ने फोन कर राधा देवी को मकान का ताला टूटा होने और अंदर सामान बिखरा पड़े होने की सूचना दी।
प्राथमिकी दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
इसके बाद राधा देवी, अपूर्व और अन्य परिजन घर पहुंचे। वहां मां के रहने वाले हिस्से का ताला टूटा मिला और सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। अपूर्व ने प्राथमिकी में बताया कि घर के सामान की देखरेख उनकी मां करती हैं। उनके मुताबिक, मकान से पुश्तैनी सोने-चांदी के भारी और कीमती जेवरात के साथ नकदी भी चोरी हुई है। बिधनू थाना प्रभारी टीबी सिंह ने बताया कि शुक्रवार को प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।