Kanpur: चौबेपुर-बिठूर रोड पर ट्रकों का कब्जा, बदइंतजामी से लग रहा जाम, कई बार हो चुके हैं हादसे, प्रशासन खामोश
Kanpur News: चौबेपुर-बिठूर रोड पर नोन नदी पुल के पास एक पेंट फैक्टरी के सामने सड़क पर दिनभर भारी ट्रक खड़े रहते हैं। इसके कारण आवागमन में भारी परेशानी होती है और आए दिन हादसे होने का खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों ने इस समस्या के समाधान की मांग की है।
विस्तार
कानपुर में चौबेपुर-बिठूर मार्ग पर आवागमन करने वाले वाहन चालकों और स्थानीय राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। नोन नदी पुल के पास स्थित एक पेंट फैक्ट्री के सामने सड़क पर दिनभर ट्रकों के खड़े रहने से यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।
मुख्य मार्ग पर इस प्रकार अवैध रूप से भारी वाहनों के खड़े होने के कारण आए दिन सड़क हादसे भी हो रहे हैं, इसके बावजूद जिम्मेदार विभागों की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। स्थानीय लोगों और चालकों का कहना है कि पेंट फैक्टरी के सामने सड़क की पटरियों और मुख्य मार्ग पर ट्रकों का डेरा रहता है।
कई गंभीर हादसे भी हो चुके हैं
इससे सड़क का बड़ा हिस्सा घिर जाता है, जिससे तेज रफ्तार वाहनों को निकलने के लिए बहुत कम जगह मिलती है। कई बार वाहन चालकों को अचानक ट्रक नजर आने पर नियंत्रण खो बैठते हैं, जिससे यहां कई गंभीर हादसे भी हो चुके हैं। इसके बावजूद वाहन चालकों की यह मनमानी थमने का नाम नहीं ले रही है।
प्रशासन की अनदेखी से बढ़ रही मुश्किलें
क्षेत्रवासियों का आरोप है कि इस समस्या के संबंध में कई बार शिकायत करने के बाद भी पुलिस और प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। सड़क पर कब्जा जमाए बैठे इन ट्रकों के कारण विशेषकर रात के समय और कोहरे या बारिश के मौसम में हालात और अधिक खतरनाक हो जाते हैं।