Kanpur Traffic Advisory: कांवड़ यात्रा पर एक से 24 अगस्त तक भारी वाहनों का रूट डायवर्जन, जानिए वैकल्पिक मार्ग
Kanpur News: श्रावण मास और कांवड़ यात्रा के मद्देनजर यातायात पुलिस कमिश्नरेट कानपुर नगर ने भारी वाहनों के लिए डायवर्जन व्यवस्था लागू की है। जारी प्रेस नोट के अनुसार यह व्यवस्था 1 अगस्त शनिवार रात 8 बजे से 3 अगस्त सोमवार रात 12 बजे तक प्रभावी रहेगी। इसी प्रकार 8 से 10 अगस्त, 15 से 17 अगस्त तथा 22 से 24 अगस्त तक भी यही डायवर्जन लागू रहेगा।
विस्तार
पवित्र श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए यातायात पुलिस कमिश्नरेट कानपुर नगर ने भारी वाहनों के लिए विशेष रूट डायवर्जन प्लान लागू किया है। यह अस्थाई व्यवस्था 01 अगस्त से 24 अगस्त तक विभिन्न तिथियों में प्रभावी रहेगी।
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार यह डायवर्जन व्यवस्था 01 अगस्त शनिवार रात 08 बजे से 03 अगस्त सोमवार रात 12 बजे तक लागू रहेगी। इसी क्रम में आगे 08 से 10 अगस्त, 15 से 17 अगस्त तथा 22 से 24 अगस्त तक भी इन्हीं वैकल्पिक मार्गों का पालन कराया जाएगा।
इटावा और हमीरपुर मार्ग के भारी वाहनों के लिए यह रहेगा डायवर्जन
जारी प्रेस नोट के अनुसार इटावा और औरैया की ओर से आकर उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी तथा गोरखपुर की तरफ जाने वाले भारी वाहन रामादेवी चौराहा से दाहिने मुड़कर चौडगरा, फतेहपुर, लालगंज बछरावां (रायबरेली) होते हुए पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से गुजरेंगे। वहीं हमीरपुर की ओर से आने वाले भारी वाहनों को अनूपुर मोड़ से दाहिने मोड़कर पासा मोड़, जहानाबाद, चौडगरा, फतेहपुर और बछरावां के रास्ते पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भेजा जाएगा।
झांसी मार्ग और बिठूर क्षेत्र के वाहनों की यह रहेगी व्यवस्था
झांसी, कालपी, भोगनीपुर और मुसानगर से आने वाले भारी वाहन घाटमपुर चौराहा से बाएं मुड़ने के बजाय सीधे चौडगरा, फतेहपुर और लालगंज बछरावां होते हुए पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से गंतव्य को जाएंगे। इसके अलावा शिवराजपुर, चौबेपुर और बिठूर की ओर जाने वाले भारी वाहनों का उन्नाव की ओर प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे सभी भारी वाहन अरौल से सीधे लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे का उपयोग करेंगे। यातायात पुलिस ने सभी चालकों से सहयोग की अपील की है।