Kanpur: लखनऊ के लिए आज शाम से कल रात तक बदला रहेगा यातायात, ऐसी रहेगी डायवर्जन की व्यवस्था
Kanpur News: आज शाम से रविवार की रात आठ बजे तक भारी वाहन लखनऊ नहीं जा सकेंगे। यह व्यवस्था लखनऊ में पुलिस के नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम की वजह से की जा रही है।
विस्तार
15 जून को लखनऊ में 60244 पुलिस कर्मियों को नियुक्ति पत्र बांटे जाएंगे। नियुक्ति पत्र वितरण के लिए भव्य समारोह आयोजित होगा। समारोह में भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने डायवर्जन लागू किया है। डीसीपी ट्रैफिक रवींद्र कुमार ने बताया कि शनिवार शाम पांच बजे से रविवार रात आठ बजे तक यह लागू रहेगा।
इसके तहत ऐसे वाहन जिन्हें इटावा, औरैया की तरफ से आने वाले भारी वाहन जिन्हें उन्नाव, लखनऊ होकर बाराबंकी, गोरखपुर की तरफ जाना है, ऐसे वाहन रामादेवी चौरहा से दाहिने मुड़कर चौडगरा फतेहपुर से बांये मुड़कर लालगंज बछरावा (रायबरेली) से पूर्वांचल एक्सप्रेसवे होकर अपने गंतव्य को जा सकेंगे। वहीं, कानपुर देहात, मूसानगर, सजेती से घाटमपुर की तरफ आने वाले भारी वाहन जिन्हें नौबस्ता होकर उन्नाव, लखनऊ कि तरफ जाना है।
यहां ऐसी रहेगी व्यवस्था
ये वाहन घाटमपुर चौराहा से चौडगरा, फतेहपुर, लालगंज बछरावा (रायबरेली) से पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे होकर अपने गंतव्य को जा सकेंगे। वहीं, कानपुर शहर से जाने वाले भारी वाहन जिन्हें उन्नाव होते हुए लखनऊ की तरफ जाना है। ऐसे वाहन रामादेवी से चौडगरा, फतेहपुर, लालगंज बछरावां (रायबरेली) होकर अपने गंतव्य को जा सकेंगे।
