Kanpur: जाजमऊ में फुटपाथ धंसने से टॉवर हुआ टेढ़ा, दुकानें कराईं बंद…मरम्मत शुरू होने के बाद खिसकी गई थी मिट्टी
Kanpur News: दुकानदार साबिर ने बताया कि उनकी चमड़े की दुकान समेत पांच दुकानों को पुलिस ने बंद करा दिया था। वहीं, पुलिस ने नगर निगम कर्मियों को बुलाकर टॉवर के नीचे मिट्टी को भरवा दिया गया है, जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
विस्तार
कानपुर में जाजमऊ थानाक्षेत्र के वीआईपी रोड पर फुटपाथ धंसने से टाॅवर टेढ़ा हो गया। इस पर दहशत में आसपास के दुकानें बंद करा दी गईं। सरैयां चौराहे के निवासी मोहम्मद नईम, गुफ्फार, अकरम आदि ने बताया कि सरैयां चौराहे पर डॉट नाले के पास करीब छह साल पहले एक मोबाइल कंपनी का टॉवर फुटपाथ पर लगाया गया था।
इस दौरान सुरक्षा के लिहाज से लोगों ने काफी विरोध किया था। 20 जून को बारिश होने से सरैयां चौराहे के पास समेत सड़क धंस गई थी। फुटपाथ धंसने के बाद नगर निगम की टीम ने गड्ढा खोदकर काम शुरू कराया। लेकिन गड्ढा खोदे जाने से उसके बगल में स्थित एक मोबाइल कंपनी के टॉवर के नीचे की मिट्टी खिसक गई।
पुलिस ने दुकानों को करा दिया था बंद
इधर, गुरुवार को टॉवर टेढ़ा होने से इलाके में दहशत फैल गई। वहीं, पुलिस ने आस-पड़ोस की दुकानें भी बंद करा दी। साथ ही नगर निगम की टीम को बुलाकर टॉवर के अगल-बगल मिट्टी भरवाई। दुकानदार साबिर ने बताया कि उनकी चमड़े की दुकान समेत पांच दुकानों को पुलिस ने बंद करा दिया है। थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि नगर निगम कर्मियों को बुलाकर टॉवर के नीचे मिट्टी को भरवा दिया गया है, जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।